चंडीगढ़। शहर में भारी सुरक्षा के बीच क्लब संचालक मनमानी कर देर रात क्लब खोल रहे हैं। कई जगह क्लब 12.30 से लेकर ढाई बजे तक खुले रहे हैं जबकि 12 बजे क्लब बंद करने का नियम हैं। शनिवार को क्लबों में चल रही क्रिसमिस पार्टी के दौरान शहर में पांच जगहों पर मारपीट और झगड़े की शिकायतें आई हैं। सेक्टर- 26 के डी 51 क्लब में मामूली कहा सुनी के बाद क्लब के बाहर एक युवक को बुरी तरह से पीटा गया और कार का शीशा तोड़ डाला। पांच मामले सेक्टर- 26 के थे। जबकि एक झगड़ा सेक्टर- 9 के एक क्लब में हुआ।
सेक्टर-26 स्थित डी 51 क्लब में शनिवार को क्रिसमिस पार्टी चल रही थी। इस दौरान कुछ युवकों की एक युवक से कहासुनी हो गई। कहासुनी इतनी बड़ गई कि आयुष, वाशू, साहील गुज्जर और जयदीप फौजी ने क्लब के बाहर अभिषेक शर्मा के साथ मारपीट की। साथ ही उसकी ऑल्टो कार का शीशा भी तोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने बाद मौके पर पहुंची सेक्टर- 26 थाना पुलिस ने क्लब से चारों युवकों का रिकॉर्ड हासिल कर थाने बुलाया। सभी के परिजन भी थाने आए। इसके बाद चारों ने अभिषेक शर्मा से माफी मांगी और उनके बीच समझौता हो गया। इसके अलावा सेक्टर-26 के फिंच क्लब में दो झगड़े हुए, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में दोनों मामलों में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। सेक्टर 26 के क्लब देर रात तक खुले रहे। वहीं औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले क्लब भी देर रात तक खुले थे। जबकि सेक्टर 9 के क्लब में रात करीब ढाई बजे तक खुले रहे। इसका खुलासा क्लब के सीसीटीवी चेक करने से हो जाएगा।
कोरोना में नियमों की भी उड़ी जमकर धज्जियां
पंचकूला में कफ्यू के कारण क्लब बंद थे। इस कारण पंचकूला से युवा चंडीगढ़ में पार्टी करने आए। जिस कारण से चंडीगढ़ के क्लबों में भारी भीड़ रही। क्लबों में कोरोना के नियमों की भी जमकर धज्जियां उड़ीं। किसी ने भी मास्क नहीं पहना था। न ही क्लब संचालकों की ओर से सेनेटाइजर रखा गया था।
नए साल पर क्लबों पर पुलिस की रहेगी खास नजर
नए साल को लेकर पुलिस ने कमर कस ली है। शहर के क्लबों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। पुलिस ने वाहनों की चेकिंग अभी से शुरू कर दी है। रात के समय एसएसपी कुलदीप चहल के नेतृत्व में स्पेशल नाके लगाये जा रहे हैं। हर बार की तरह इस साल भी नए साल पर डीएसपी, थाना प्रभारी और इंस्पेक्टर ड्यूटी पर तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना न घट सके। एक तरफ शहर के लोगों में चर्चा हो रही है कि नए साल पर कोरोना की स्थिति को लेकर कफ्यू लगने की संभावना है। यूटी प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल ने कहा कि अभी कफ्यू लगाने पर कोई विचार नहीं है। हालांकि स्थिति को देखते हुए कफ्यू लगाने की नौबत आई तो तुरंत आदेश जारी कर दिए जाएंगे। पुलिस को प्रशासन के फैसले का इंतजार है।