चंडीगढ़। जेपी अत्रे मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले मैच में यूपीसीए ने आरबीआई मुंबई को एकतरफा मुकाबले में 9 विकेट से हराया। मुकाबला जीएमएसएसएस-26 के क्रिकेट मैदान पर खेला गया। वीरवार को सुबह बारिश के चलते मैदान गीला होने से मुकाबला दोपहर एक बजे शुरू हुआ। यह मैच 26-26 का खेला गया। पहले खेलते हुए आरबीआई मुंबई की टीम ने निर्धारित 26 ओवर में 9 विकेट पर 151 रन बनाए। टीम की ओर से ध्रुव शौर्या ने सर्वाधिक 52 रन बनाए। गेंदबाजी में योगेंद्र ने 5 ओवर में 28 रन देकर 4 विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपीसीए की टीम ने एक विकेट पर 152 रन बनाकर मैच जीत लिया। टीम की ओर से अभिषेक गोस्वामी ने नाबाद 93 रन की पारी खेली। इस पारी में 7 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। अन्य खिलाड़ी करन शर्मा ने नाबाद 44 रन बनाए। अभिषेक गोस्वामी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
दिन का दूसरा मैच मुल्लांपुर स्थित स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में पीसीसी ने छत्तीसगढ़ की टीम को 5 विकेट से हरा दिया। तीसरा मैच सीएजी दिल्ली और बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन की टीमों के बीच आईटी पार्क स्थित महाजन क्रिकेट ग्राउंउ पर खेला गया। बारिश की वजह से मैदान गीला होने के कारण मैच अंपायर ने दोपहर 1.40 के बाद दोनों टीमाें के बीच दो-दो अंक बांट दिए गए।