गांव के दस जोड़ों ने लव मैरिज कर ली तो पंचायत ने उनके और परिवार वालों के खिलाफ ऐसा फरमान सुना दिया कि सुनकर सभी हैरान रह गए। मामला पंजाब के बटाला का है। पंचायत ने फतवा जारी किया है कि इन सभी जोड़ों का सामाजिक बहिाष्कार किया जाए। परिवार वालों का भी सामाजिक बायकाट किया जाए।
वहीं, साथ ही श्री अकाल तख्त के जत्थेदार साहिब से भी आवेदन किया कि वह सभी गुरुद्वारों के ग्रंथियों को हुकम जारी करें कि एक ही गांव में शादी करवाने वालों के लड़के-लड़कियों की शादी न करवाई जाए। गांव दकोहा के सरपंच प्रीतम सिंह ने कहा कि पिछले 10 सालों में गांव के दस युवक युवतियों ने लव मैरिज की। ऐसा करके उन्होंने गांव को बदनाम किया है।
इससे गांव का माहौल खराब होता है। इसे देखते पंचायत और गांव के लोगों ने फैसला लिया है कि घर से भागकर अपने ही गांव के लड़के-लड़कियों से शादी करने वालों का बायकॉट होगा। उनको शह देने वालों का भी सामाजिक बहिष्कार करेंगे। इसके लिए पंचायतनामा तैयार किया गया है। जल्दी ही इसे जारी कर दिया जाएगा।
वहीं, गांव के रिटायर मास्टर सुखदेव ने कहा कि पंचायत और गांववालों की श्री अकाल तख्त के जत्थेदार से अपील है कि घर से भाग गुरद्वारा में शादी करवाने वालों की शादी न करवाने के लिए सभी गुरद्वारा के ग्रंथियों को हुकम जारी कर रोकें। उन्होंने कहा कि कम से कम एक गांव के बच्चों की आपस में शादी न करवाएं। इससे गांव में मतभेद उभर रहे हैं।