सरहद पर ड्रोन से नशा व हथियारों की बढ़ती तस्करी पर पश्चिमी कमांड के कमांडर इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल नव कुमार खंडूरी ने कहा कि तस्करों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। कई ड्रोन बीएसएफ ने गिराए हैं और रात के समय धुंध में ड्रोन गिराने के लिए इलेक्ट्रॉनिक गैजेट विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल में पश्चिमी कमान के कमांडर इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल नव कुमार खंडूरी ने कहा कि बीते कुछ समय में पंजाब और जम्मू कश्मीर की सीमा के पास सीमा पार से आने वाले ड्रोन के मामले बढ़े हैं। बीएसएफ ने कई ड्रोन गिराए हैं और दुश्मन को मुंह तोड़ जवाब दिया है। दुश्मन नई तकनीक का इस्तेमाल कर रहा है और ऐसे में इसका जवाब देने के लिए बीएसएफ के जवानों को ट्रेनिंग भी दी जा रही है।
रात के खराब मौसम में जब विजिबिलिटी कम होती है तो बीएसएफ जवानों के लिए ड्रोन को देख पाना मुश्किल होता है। यह धुंध का मौसम अपने आप में एक चुनौती है और इससे निपटने के लिए इलेक्ट्रॉनिक गैजेट विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे रात के अंधेरे में भी दुश्मन के ड्रोन को गिराया जा सके। उन्होंने कहा कि दुश्मन नई तकनीक का सहारा लेगा तो हम भी उसका तोड़ निकाल कर उनके मंसूबे पर पानी फेर देंगे।