जगतपुरा रेलवे ट्रैक पर सोमवार शाम चंडीगढ़ से नंगल जा रही एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर जीआरपीएफ पहुंच गई।
मृतकों की पहचान गांव छज्जूमाजरा निवासी अरविंद (35) और गांव मनोली निवासी शमेशर सिंह (45) के रूप में हुई है। शवों के पास से एक शराब की बोतल भी बरामद हुई है। जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में थे। शवों को फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल में रखवा दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक दोनों दोस्त बताए जा रहे हैं। दोनों ट्रैक पर घूम रहे थे। तभी अंबाला से ऊना जा रही ट्रेन शाम करीब 4.30 बजे जगतपुरा पहुंची। उसी दौरान दोनों युवक उसकी चपेट में आ गए। दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेन के ड्राइवर ने तुरंत इस बारे में रेलवे अधिकारियों को सूचित किया। वहीं, वहां से गुजर रहे लोगों ने हादसे की जानकारी फेज-11 रेलवे पुलिस चौकी को दी।
लोगों ने पुलिस को बताया कि दोनों युवकों ने शराब पी हुई थी। पुलिस ने मृतक शमशेर सिंह के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। जबकि अरविंद के परिजनों से अभी संपर्क नहीं हो पाया है। रेलवे पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया है।