फरीदकोट के दो नौजवान भी यूक्रेन में फंसे
गांव दुयारेआना के दो नौजवान भी यूक्रेन में फंसे हैं। एक नौजवान सरबजोत सिंह का पिछले तीन दिनों से परिवार के साथ संपर्क टूट चुका है। जिसके कारण परिवार ही नहीं बल्कि गांव के लोग काफी चिंतित है। सरबजोत सिंह व मनप्रीत सिंह पिछले तीन साल से यूक्रेन में पढ़ाई कर रहे थे। सरबजोत सिंह का पिछले तीन दिन से परिवार से संपर्क टूट चुका है। अब परिवार काफी चिंतित है।
सरबजोत सिंह के पिता सुखबीर सिंह, माता मनजीत कौर व दादी नसीब कौर ने कहा कि उनके बेटे के साथ संपर्क न होने के कारण उनकी चिंता बढ़ गई है। एक दिन पहले उसके एक दोस्त का मैसेज मिला है कि सरबजोत ठीक है पर जब तक उनकी बेटे से बात नहीं होती, मन को चैन नहीं मिलेगा। गांव के सरपंच हैप्पी सिंह ने कहा कि दोनों नौजवानों के बारे में डिप्टी कमिश्नर दफ्तर को जानकारी दी गई है।
मानसा में हेल्पलाइन नंबर जारी
मानसा में जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 01652 -227887 जारी किया है। डिप्टी कमिश्नर महिंदर पाल ने कहा कि जिले के यूक्रेन में फंसे व्यक्तियों की सूचना इसलिए एकत्र की जा रही है, जिससे यह सूचना मांगे जाने पर राज्य सरकार के द्वारा विदेश मंत्रालय को समय पर मुहैया करवाई जा सके। महिंदर पाल ने अपील की है कि जिन व्यक्तियों के पारिवारिक सदस्य यूक्रेन में फंसे हैं, वह तुरंत उनकी सूचना मुहैया करवाएं और इस सूचना में यूक्रेन गए व्यक्ति का नाम, पिता का नाम, पासपोर्ट नंबर, यूनिवर्सिटी, कॉलेज का नाम, यूक्रेन में उनका पता समेत अधिक से अधिक जानकारी साझा करें।