मोहाली में भी शिवरात्रि की धूम
मोहाली में शिवरात्रि बड़ी ही धूम धाम से मनाई गई। मंदिरों में भगवान भोलेनाथ के दर्शनों के लिए लंबी लाइनें सुबह से लगी रहीं। मंदिर कमेटियों ने दूध व फलों का लंगर लगाया। कई मंदिरों में विशेष मेडिकल कैंप लगे। मंदिरों के बाहर सुरक्षा के पूरे इंतजाम हैं। इसके अलावा मंदिरों में महिला संकीर्तन मंडलियों ने शिव की महिमा का गुणगान किया।
मोहाली जिले में खरड़, कुराली, नयागांव, मुल्लांपुर, लालड़ू, डेराबस्सी व जीरकपुर क्षेत्र आते हैं। इन सभी इलाकों में काफी पुराने व ऐतिहासिक मंदिर हैं। जहां पर सुबह तीन बजे से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। फेज-3बी 2 स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में सुबह ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था।
मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य जगंदबा प्रसाद रतूड़ी ने कहा कि करीब दो साल बाद मंदिरों में इस तरह श्रद्धालु पहुंचे हैं। कोरोना की वजह से पहले बड़े आयोजन नहीं होते थे। इसी तरह फेज-एक प्राचीन शिव मंदिर, फेज-दो श्री राधा कृष्ण मंदिर, फेज-पांच श्री हरि मंदिर, फेज- सात श्री सनातन धर्म मंदिर, फेज-नौ शिव मंदिर के अलावा खरड़ स्थित मां अंबिका देवी मंदिर, प्राचीन शिव मंदिर, कुराली में नदी पार स्वामी जी कुटिया, न्यू चंडीगढ़ स्थित इको सिटी, नयागांव में सिंघा देवी मंदिर व दशमेश नगर स्थित मंदिर में लोगों ने लाइनों में लगकर भगवान का आशीर्वाद लिया।
सकेतड़ी मंदिर में सुबह से उमड़े भक्त
पंचकूला के महादेवपुर स्थित सकेतड़ी मंदिर में मंगलवार को महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। रात 12 बजे से मंदिर के कपाट खोल दिए गए। पांडव कालीन इस मंदिर में सोमवार की रात से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। मंगलवार की अल सुबह श्रद्धालु जलाभिषेक को पहुंचे। देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इस मौके पर करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने माथा टेका। पुलिस एवं जिला प्रशासन के अलावा मंदिर प्रबंधन कमेटियों ने मंदिरों में श्रद्धालुओं के लिए पुख्ता प्रबंध किए थे।
शिवरात्रि के दिन मंदिर में शिवलिंग को 250 क्विंटल दूध चढ़ाया गया। प्रसाद के लिए चालीस हजार केले और 45 बोरी बेर की व्यवस्था की गई थी। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए फल और दूध का लंगर लगाया गया। मंदिर की सजावट के लिए 35 हजार रुपये के फूल मंगवाए गए थे। इन फूलों से मंदिर से लेकर मेन गेट तक फूलों की गुफा बनाई गई थी।