फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Haryana: हरियाणा पुलिस के दो अधिकारी राष्ट्रपति पुलिस पदक से होंगे सम्मानित, एक को गैलेंट्री मेडल

Thu, 25 Jan 2024 02:54 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

पुलिस मुख्यालय में कार्यरत पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन) संजय कुमार तथा दक्षिणी हरियाणा के रेवाड़ी रेंज में कार्यरत पुलिस महानिरीक्षक राजेन्द्र कुमार को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। हरियाणा पुलिस अकादमी के डीएसपी प्रदीप कुमार को सराहनीय सेवाओं के लिए गैलेंट्री मेडल से नवाजा जाएगा।
विज्ञापन
पुलिस महानिरीक्षक संजय कुमार, राजेन्द्र कुमार - फोटो : फाइल
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गणतंत्र दिवस पर हरियाणा के दो पुलिस अधिकारियों को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। इनमें पुलिस मुख्यालय में महानिरीक्षक (प्रशासन) संजय कुमार व दक्षिणी हरियाणा के रेवाड़ी रेंज में कार्यरत पुलिस महानिरीक्षक राजेंद्र कुमार शामिल हैं। इसके अलावा एक डीएसपी को गैलेंट्री अवार्ड व छह अन्य पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से अलंकृत किया जाएगा।

विज्ञापन


वहीं, दिल्ली में कर्तव्य पथ पर होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में सोनीपत के दो जांबाजों को उनके साहस के लिए वीरता (गैलेंट्री) पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। दोनों जांबाज दिल्ली पुलिस में बतौर निरीक्षक सेवाएं दे रहे हैं। इनमें गोहाना के गांव बुटाना निवासी विक्रम सांगवान और खरखौदा के गांव हलालपुर निवासी विक्रम दहिया शामिल हैं। दोनों जांबाज 2008 बैच के हैं।

आईपीएस संजय कुमार: 1997 बैच के आईपीएस संजय कुमार पुलिस मुख्यालय में (प्रशासन) कार्यरत हैं। कानपुर आईआईटी से इंजीनियर हैं। हिसार व रोहतक रेंज में आईजी के पद पर रहते हुए उन्होंने अपराध नियंत्रण में काफी सराहनीय कार्य किया है। सड़क सुरक्षा अभियान में भी उन्होंने काफी काम किया है। उनकी पहचान मृदभाषी व ईमानदार पुलिसकर्मियों में होती है। वह कई जिलों में एसपी के पद पर भी रह चुके हैं। फरीदाबाद में पुलिस कमिश्नर रहते हुए उनका कार्य काफी सराहा गया है।

विज्ञापन

आईपीएस राजेंद्र कुमार: 1998 बैच के आईपीएस राजेंद्र कुमार रेवाड़ी रेंज के आईजी हैं। वह बिजली विभाग के विजिलेंस के भी निदेशक रह चुके हैं। जब वह बिजली विभाग में तैनात थे तो बिजली चोरी के नियंत्रण में काफी काम किया। वह फ्लाइंग स्क्वायड में आईजीपी के पद पर भी तैनात रह चुके हैं। नशे के नियंत्रण और अपराध के ग्राफ को नीचे लाने में उनकी अहम भूमिका रही है।

विक्रम सांगवान: गोहाना के गांव बुटाना निवासी विक्रम सांगवान दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ में बतौर निरीक्षक कार्यरत हैं। 18 मई, 2022 को नीरज बवाना गैंग के दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद पकड़ा था। मुठभेड़ के दौरान उनके पैर में गोली लग गई थी। घायल होने के बावजूद उन्होंने क्रॉस फायरिंग करते हुए दोनों बदमाशों के पैर में गोली मार उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। विक्रम का पदक के लिए चयन होने पर उनके गांव और परिवार के लोग खुश हैं।

विक्रम दहिया: खरखौदा के गांव हलालपुर निवासी विक्रम दहिया दिल्ली पुलिस में बतौर निरीक्षक पटेल नगर थाना प्रभारी का कार्यभार संभाल रहे हैं। उन्होंने 19 अक्तूबर, 2022 को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शार्प शूटरों को काबू कर उनके कब्जे से हथियार बरामद किए थे। उनके इस साहसिक कार्य के लिए उनका नाम वीरता पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।
विज्ञापन

छह पुलिस अधिकारियों को मिलेगा पुलिस पदक

हरियाणा पुलिस अकादमी के डीएसपी प्रदीप कुमार को सराहनीय सेवाओं के लिए गैलेंट्री मेडल से नवाजा जाएगा। वहीं, सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित होने वाले अन्य अधिकारियों में स्टेट क्राइम ब्यूरो हरियाणा के निरीक्षक राजेंद्र, सीआईडी के उप निरीक्षक गुनपाल सिंह, पीटीसी सुनारिया के उपनिरीक्षक रविंद्र, अंबाला की सहायक उप निरीक्षक कविता देवी, सीआईडी के सहायक उप निरीक्षक नरेन्द्र कुमार व पंचकूला के सहायक उपनिरीक्षक विजेंद्र सिंह शामिल हैं।

डीजीपी ने दी बधाई

हरियाणा पुलिस के महानिरीक्षक शत्रुजीत कपूर ने पदक प्राप्त करने वाले अधिकारियों व जवानों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों के अथक एवं निरंतर प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान समस्त पुलिस बल के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से पुलिस पदक से अलंकृत होने वाले अधिकारियों के साथ-साथ राज्य पुलिस बल के अन्य अधिकारियों व जवानों का भी मनोबल बढे़गा।

पानीपत के जितेंद्र राणा को भी मिलेगा पुलिस मेडल

कारद गांव के पुलिस अधिकारी जितेंद्र राणा को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस मेडल से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से यह सम्मान दिया जाएगा। जितेंद्र राणा 2005 बैच के बिहार राज्य कैडर के पुलिस अधिकारी हैं और वर्तमान में केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में बतौर उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) इंदिरा गांधी एयरपोर्ट दिल्ली में कार्यरत हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें