भिवानी के देवसर गांव में बारिश से बचने के लिए खेत में पेड़ के नीचे खड़े छह किसानों पर आसमानी बिजली गिर गई। जिससे दो किसानों की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने चार किसानों को अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसा मंगलवार दोहपर बाद करीब साढ़े 3 बजे हुआ।
देवसर निवासी रवींद्र (38), रणधीर (56), रामफल (56), शुगन (45), धनपत शर्मा और ओमप्रकाश खेतों में पशु चराने गए थे। बारिश तेज हुई तो ये सभी किसान खेत में एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए थे। अचानक पेड़ पर तेज धमाके के साथ बिजली गिर गई। पेड़ के नीचे बैठे रवींद्र व रणधीर की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं बिजली गिरने से झुलसे रामफल, सुगन, ओमप्रकाश व धनपत को ग्रामीणों ने अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलने पर जूई पुलिस थाने से एसएचओ सतपाल सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और जायजा लिया। पुलिस ने शवों को शवगृह में रखवा दिया है। एसएचओ सतपाल सिंह ने बताया कि पुलिस शवों का पोस्टमार्टम बुधवार सुबह कराएगी। परिजनों के बयान दर्ज कर इस संबंध में कार्रवाई कर रही है।