आठ साल पुराने ड्रग्स मामले में गिरफ्तार भुलत्थ से कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। पंजाब पुलिस की एसआईटी ने खैरा, उनके परिवार के सदस्यों और करीबियों के करीब 45 खातों को खंगाला है। एसआईटी से जुड़े सूत्रों का दावा है कि इन खातों में करोड़ों का ट्रांजेक्शन हुआ है। इसके आधार पर अब खैरा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करने की तैयारी है।
जांच में पता चला है कि खैरा व उनके करीबियों के खातों में करोड़ों रुपये जमा हुए थे। 2014 से 2020 के बीच खैरा और परिवार के सदस्यों ने 6.5 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए। खैरा के पास छह वाहन हैं, जिनको मासिक किश्त 4.5 लाख जाती है लेकिन आय 2.5 लाख ही है। जांच में पता चला है कि पीए के खाते को ऑपरेट करने के लिए जो मोबाइल नंबर दिया गया, वो खैरा परिवार की महिला का था।
एचडीएफसी बैंक के इस खाते में दो करोड़ के करीब जमा करवाए गए। दावा है कि खरा के नजदीकी रिश्तेदार और गनर के खाते का भी इस्तेमाल किया गया। सहकारी बैंक के एक खाते में दो करोड़ जमा हुए हैं। इसमें 43 43 लाख की कैश एंट्री हैं।
सूत्रों के अनुसार ईडी ने भी पंजाब पुलिस को बताया है कि 2014 से 2020 के बीच 6.5 करोड़ से अधिक खर्च किए गए। इस अवधि के दौरान उनकी आय तीन करोड़ रुपये से कम थी। एसआईटी ने खैरा के करीबियों के खातों की जांच की तो पाया कि कई खातों में नकदी जमा होते ही पैसा तत्काल ट्रांसफर हो गया।