मनीमाजरा। न्यू दर्शनी बाग में किराए के मकान में रह रही एक युवती ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती की पहचान उत्तराखंड निवासी प्रीति (22) के रूप में हुई है। प्रीति ने एक विवाहिता की तरह दोनों हाथों में चूड़ा पहनकर यह कदम उठाया। पास में पुलिस को सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें प्रीति ने अपने प्रेमी की शादी किसी और से होने की बात लिखी है। परिजनों को सूचित कर पुलिस ने शव को अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रीति न्यू दर्शनी बाग के मकान नंबर 8 में पहली मंजिल पर बने कमरे में किराए पर रहती थी। अपने कमरे में उसने पंखे के सहारे दुपट्टे का फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब जांच की तो शव के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। इसमें प्रीति ने लिखा है कि वह एक लड़के से प्यार करती है और उसी से शादी करना चाहती थी, लेकिन कुछ महीने पहले उसकी शादी कहीं और हो गई। इस कारण वह परेशान है। इसी तनाव में वह आत्महत्या कर रही है। मनीमाजरा थाना पुलिस ने प्रीति के शव को सेक्टर-16 सरकारी अस्पताल के शव गृह में रखवाकर उत्तराखंड में रहने वाले परिजनों को सूचित कर दिया है। शनिवार को प्रीति के परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम के बाद शव को उनके हवाले किया जाएगा।