चंडीगढ़। जीएमसीएच-32 में पंजाब के मरीजों का आयुष्मान योजना के तहत इलाज बंद कर दिया गया है। कारण राज्य सरकार की ओर से योजना के अंतर्गत अस्पताल का बकाया दो करोड़ का भुगतान न किया जाना है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि इस संबंध में कई बार पंजाब सरकार को पत्र भेजा जा चुका है, लेकिन उनके स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही इसलिए मजबूरन यह निर्णय लेना पड़ा।
गौरतलब है कि आयुष्मान योजना के अंतर्गत लाभार्थी को 5 लाख रुपये तक का इलाज निशुल्क किया जाता है। उसका सारा खर्च सरकार वहन करती है। ऐसे में खर्च का भुगतान न होने से मरीजों के इलाज में उपयोग किए जाने वाले चिकित्सकीय सामग्री की खरीद संभव नहीं हो पा रही है इसलिए उन मरीजों का इलाज करने से इनकार किया गया है।