यूटी प्रशासन ने इंटर डिपार्टमेंटल ट्रांसफर पॉलिसी के तहत 45 और कर्मचारियों को ट्रांसफर कर दिया है। यह आदेश प्रशासन ने कैट में मामले की सुनवाई के बाद जारी कर दिए। एक तरफ कैट से एक महीने का समय मांग लिया गया, वहीं दूसरी ओर ट्रांसफर लिस्ट जारी कर दी गई। ट्रांसफर किए गए कर्मचारियों में सबसे बड़ी संख्या 31 सीनियर असिस्टेंट की है।
इसके बाद छह जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर/स्टेनो टाइपिस्ट और पांच जूनियर असिस्टेंट/क्लर्क और एक-एक सुपरिंटेंडेंट व सीनियर स्केल स्टेनोग्राफर को बदला गया है। इनमें अधिकतर वह कर्मचारी हैं जिनकी या तो कुछ दिनों बाद प्रमोशन होने वाली है या फिर रिटायरमेंट नजदीक है। संबंधित डिपार्टमेंट के एचओडी की सिफारिश पर यह ट्रांसफर की गई हैं। इससे पहले प्रशासन ने 348 कर्मचारियों को एक साथ ट्रांसफर किया था।
जिसके बाद जमकर बवाल हुआ था। इसके बाद ही कर्मचारियों ने कैट में अपील की थी। बाद में प्रशासन ने 59 कर्मचारियों को रीटेन कर पुरानी जगह पर ही भेज दिया था। पर्सोनल विभाग ने करीब 150 कर्मचारियों के ट्रांसफर की नई लिस्ट भी तैयार कर रखी है। लेकिन अभी यह सूची जारी नहीं की गई। अगले कुछ दिनों में यह लिस्ट भी जारी हो जाएगी।
केके जिंदल, सेक्रेटरी, पर्सोनल विभाग, चंडीगढ़ ने बताया कि 45 कर्मचारियों को इधर-उधर किया गया है। इनमें अधिकतर कर्मचारियों की प्रमोशन और रिटायरमेंट होने वाली है। इनकी फाइलें पुराने विभागों के पास ही हैं। एचओडी के कहने पर ही इन्हें ट्रांसफर किया गया है।
बदले गए कर्मचारियों की लिस्ट
पद संख्या
सुपरीटेंडेंट 1
सीनियर असिस्टेंट 31
जूनियर असिस्टेंट/क्लर्क 5
सीनियर स्केल स्टेनोग्राफर 1
जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर/स्टेनो टाइपिस्ट 6