हादसे के बाद महिला सिपाही पपीता को पहले सेक्टर-16 और वहां से पीजीआई की इमरजेंसी में दाखिल कराया गया। जब कटर से उसे निकाला गया तो उसके दोनों टांगों की हड्डियां चकनाचूर हो चुकी थीं। देर रात तक डाक्टरों की ओर से उसकी सर्जरी जारी थी। डाक्टरों ने बताया कि सर्जरी के बाद बताया जा सकेगा कि वह दोबारा से अपने पैरों पर खड़ी हो पाएगी या नहीं।
दो घंटे तक बाधित रहा यातायात
अचानक हादसे से मध्य मार्ग का यातायात रुक गया। गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तत्काल यातायात के मार्ग में बदलाव किया। गाड़ियों को ट्रांसपोर्ट चौक से ही ट्रिब्यून चौक और बापूधाम की तरफ मोड़ दिया गया। इससे करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा।
नहीं आ सका परिवार का कोई सदस्य
हादसे में घायल 25 वर्षीय महिला आरक्षक पपीता मूलरूप से हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली है। हाल ही में हुई 520 आरक्षकों की भर्ती में उसका चयन हुआ था। वर्तमान में वह किशनगढ़ में रहती है। उसकी तैनाती पुलिस लाइन में है। सोमवार को आरबीआई के ट्रकों के साथ उसकी ड्यूटी थी। पुलिसकर्मियों ने पपीता की बात घर वालों से करवाने की कोशिश की, लेकिन सभी ने चंडीगढ़ में आने में असमर्थता जता दी।
पपीता के पिता का हाल ही में निधन हुआ है। घर में मां के अलावा एक बड़ी बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। जब उसकी बात करवाई तो उसने कहा कि उसका हाल ही में बच्चा हुआ है। ऐसे में वह नहीं आ सकती। साथ ही उसने इस घटना की जानकारी मां से बताने को भी मना कर दिया। छोटा भाई भी है, लेकिन वह भी काफी छोटा है।
मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया। प्रत्यक्षदर्शी मौलीजागरां निवासी रॉबर्टस विलियम ने बताया कि सूचना देने के लगभग 40 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। अपनी कर्मचारी के मुसीबत में होने के बावजूद क्रेन को भी देरी से बुलाने का आरोप लगाया है।
वहीं, अग्निशमन विभाग में वर्तमान में मुख्य अग्निशमन अधिकारी का प्रभार किसी के पास नहीं है। सूचना के बाद मौके पर सब फायर अफसर ही पहुंचे, स्टेशन फायर ऑफिसर ने वहां जाने की जहमत नहीं उठाई। हालांकि इस दौरान मौके पर पहुंचीं महिला सिपाही लगातार फाइल से ही पपीता को हवा करती रही। साथ ही अन्य लोग भी उसे हौसला देते रहे।
मामले में प्राथमिक तौर पर चालकों की लापरवाही सामने आई है। दो ट्रकों के चालकों ने उचित दूरी नहीं रखी थी, इस कारण हादसा हुआ। दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में जांच चल रही है। -केतन बंसल, एसपी सिटी