चंडीगढ़ के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सड़क हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। तीनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जमानत पर छोड़ दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। वहीं घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। एक हादसा सेक्टर-43 में हुआ। 46 वर्षीय रवि कुमार सेक्टर-16 स्थित अस्पताल में जनरेटर ऑपरेटर का काम करता था और सेक्टर-43 में रहता था।
सोमवार सुबह करीब 9 बजे पास की ही दुकान से दूध लेने गया था। घर लौटते समय एक वाहन ने उसे टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस रवि को सेक्टर-32 के अस्पताल लेकर पहुंची जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में सेक्टर-43 निवासी आरोपी वाहन चालक महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी सेक्टर-32 स्थित अस्पताल में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत है।
वहीं दूसरे मामले में लुधियाना निवासी 37 वर्षीय पुष्पेंद्र सिंह सिद्धू रविवार को सीटीयू बस से सफर कर रहे थे। सेक्टर-17 स्थित शिवालिक होटल के मोड़ के पास वह अनियंत्रित होकर बस से नीचे गिर गए। लोगों ने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पुष्पेंद्र को सेक्टर-16 स्थित अस्पताल पहुंचाया। जहां उनकी गंभीर हालत देख डॉक्टरों ने पीजीआई रेफर कर दिया। पीजीआई में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में सीटीयू बस चालक सेक्टर-22 निवासी दीपक सिद्धू के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया।
ऑटो ने अज्ञात व्यक्ति को मारी टक्कर, मौत
हाउसिंग बोर्ड लाइट प्वाइंट से किशनगढ़ की ओर जाने वाले रास्ते पर सड़क पार करते समय रविवार रात एक अज्ञात व्यक्ति को ऑटो ने टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए पीजीआई लेकर गई जहां इलाज के दौरान घायल ने दम तोड़ दिया। फिलहाल मृतक व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर बाद में जमानत पर रिहा कर दिया। आरोपी की पहचान पंचकूला निवासी हीरालाल के रूप में हुई है।