-गैंगस्टर सत्ता नौशहरियां के नाम से मांगी एक-एक करोड़ की रंगदारी
-न देने पर जान से मारने की देते थे धमकियां, घर पर करवाते थे फायरिंग
-
सुल्तानपुर लोधी (कपूरथला)। पावन नगरी सुल्तानपुर लोधी के कारोबारियों को विदेशी नंबरों से कॉल करके रंगदारी मांगने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थाना सुल्तानपुर लोधी की पुलिस ने तीनों को अमृतसर से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया है।
पिछले कुछ समय से थाना सुल्तानपुर लोधी में दर्ज दो अलग-अलग रंगदारी, जान से मारने की धमकियां देने और फायरिंग के मामलों में छह लोगों को नामजद किया था। इनमें से दो आरोपी इस समय इंग्लैंड में बैठे हैं और गैंगस्टर सत्ता नौशहरियां के नाम से कारोबारियों को कॉल करके एक-एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगते हैं, जबकि छठे आरोपी की तलाश पुलिस की ओर से जारी है।
डीएसपी सुल्तानपुर लोधी बबनदीप सिंह ने बताया कि कुछ समय पहले सुल्तानपुर लोधी के अरोड़ा टेलीकॉम के मालिक को विदेशी वाट्सअप नंबरों से गैंगस्टर सत्ता नौशहरियां का बोलकर धमकाया गया किया वह एक करोड़ रुपये दे दे नहीं तो वह गोली मारकर उसके परिवार को मार देंगे। इसी तरह अकाल अकादमी सुल्तानपुर लोधी के मालक को भी ऐसी ही धमकी भरे व्हाट्सएप कॉल से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। डीएसपी ने बताया कि इन लोगों ने अकाल अकाडमी के मालिक के घर पर फायरिंग भी करवाई थी। थाना सुल्तानपुर लोधी में दो अलग-अलग मामले दर्ज करके तफ्तीश तेज कर दी।
थाना सुल्तानपुर लोधी के एसएचओ इंस्पेक्टर हरगुरदेव सिंह व सीआईए स्टाफ कपूरथला के इंचार्ज जरनैल सिंह पर आधारित टीम गठित करके टेक्निकल टीम की मदद से हरजिंदर सिंह उर्फ जिंदर निवास धरमीवाल शाहकोट, कुलविंदर सिंह निवासी लोहियां खास और जोबनजीत सिंह निवासी गांव धारड़ जंडियाला गुरु को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया है। इन लोगों ने अमृतसर में भी ऐसी की कॉल की थी, जिसके तहत पुलिस इन्हें गिरफ्तार करके लाई है। डीएसपी के अनुसार इस मामले में नवदीप सिंह उर्फ गाला निवासी चक्की पत्ती बालू बहादुर सुल्तानपुर लोधी, जगदीप सिंह उर्फ जग्गा निवासी फूकीवाल सुल्तानपुर लोधी और अमरीक सिंह उर्फ मीका निवास लोहियां भी नामजद हैं।
नवदीप व जगदीप इस समय इंग्लैंड में हैं। यहीं रंगदारी की कॉल करते हैं। नवदीप पूर्व सरपंच का बेटा है। जबकि अमरीक सिंह उर्फ मीका की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से लगातार छापेमारी जारी है। डीएसपी ने तीनों आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश करके रिमांड की मांग की जाएगी।