फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हड़कंपः अलकायदा से लादेन का छोटा भाई बोल रहा हूं, अंबाला समेत सभी रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ा दूंगा

Tue, 02 Apr 2019 12:27 AM IST
ajay kumar आलोक रघुवंशी, अमर उजाला, अंबाला (हरियाणा)
विज्ञापन
अंबाला रेलवे स्टेशन में धमकी के बाद सर्च अभियान - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मैं अलकायदा से लादेन का छोटा भाई बोल रहा हूं... मैं जल्द ही अंबाला कैंट, अमृतसर, जालंधर, पटना, दरभंगा और जम्मू रेलवे स्टेशन को बम से उड़ा दूंगा और कई जगह बम भी छिपा दिए हैं। यह फोन सोमवार दोपहर को अंबाला छावनी रेलवे के कंट्रोल रूम हेल्पलाइन नंबर 182 पर आया। सूचना कंट्रोल रूम से रेलवे अफसरों के अलावा आरपीएफ और जीआरपी अधिकारियों को पता चली तो हड़कंप मच गया। 

विज्ञापन


रेलवे एसपी ने अंबाला के साथ-साथ प्रदेश के सभी रेलवे स्टेशन पर हाई अलर्ट जारी कर दिया। छावनी रेलवे स्टेशन पर चप्पे-चप्पे पर चेकिंग अभियान चलाया गया। उधर, इस मामले में धमकी देने वाले के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बता दें कि डीआरएम कार्यालय में ही आरपीएफ का कंट्रोल रूम स्थित है। 

यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 182 पर सोमवार को करीब 12.10 बजे पर फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि वह दरभंगा से अलकायदा से लादेन का छोटा भाई मसूर अजर बोल रहा है। लेकिन, सही से बात न होने के कारण फोन कट गया। इसके बाद 12.12 बजे फिर उसी नंबर से फोन आया और कहा कि वह दरभंगा रेलवे स्टेशन के पास से बोल रहा है।

विज्ञापन

अंबाला कैंट स्टेशन पर सर्च अभियान चलाया गया - फोटो : अमर उजाला
उसका नाम मसूद अजर है। जल्द ही अंबाला कैंट, अमृतसर, जालंधर, पटना, दरभंगा व जम्मू रेलवे स्टेशन स्टेशनों को बम से उड़ा दिया जाएगा और कई जगह बम भी छिपा दिए गए हैं। सूचना पाते ही स्टेशन पर सुरक्षा अधिकारियों का जमावड़ा लग गया और अलर्ट के चलते चेकिंग शुरू कर दी गई। 

सूचना मिलते ही स्टेशन पर अलर्ट 
स्टेशन पर दोपहर मिली इस सूचना के बाद अलर्ट जारी हो गया। फोन पर आई धमकी की सूचना जैसे ही अधिकारियों को मिली तो मौके पर पहुंचे एसपी रेलवे हरियाणा धीरज कुमार सेतिया, आरपीएफ कमांडेंट सी रघुवीर, जीआरपी, आरपीएफ की टीम सदस्यों ने डॉग स्क्वायड और बम स्क्वायड के साथ चेकिंग की। इस दौरान पुलिस को कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। रेलवे रेस्ट हाउस, वेटिंग हॉल, रिफ्रेशमेंट रूम, यूटीएस काउंटर, विभिन्न प्लेटफार्म, स्टाल, स्टेशन इन व आउट गेट आदि स्थानों पर चेकिंग की गई। 

वेंडरों व कुलियों को किया सावधान
जीआरपी के एसएचओ रामबचन ने बताया कि स्टेशन पर काम करने वाले वेंडरों व कुलियों को भी अलर्ट किया। उन्हें हिदायतें दी गई कि स्टेशन पर वह सर्वाधिक समय रहते हैं और ऐसे में उन्हें पूरी तरह से अलर्ट रहने की जरूरत है। उन्हें संदिग्ध यात्रियों की जानकारी तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को देने का आह्वान किया। साथ ही स्टेशन के कूड़ेदानों, प्लेटफार्म आदि क्षेत्रों में संदिग्ध सामान दिखते ही सूचना देने को कहा गया है। 
विज्ञापन

इन व आउट गेट पर सुरक्षा की मजबूत

बम से उड़ाने की मिली धमकी - फोटो : अमर उजाला
पत्र मिलने के बाद रेलवे स्टेशन के इन व आउट गेट पर चौकसी पहले से ज्यादा बढ़ा दी गई है। दोनों गेटों पर अतिरिक्त गारद लगाई गई है। साथ ही जीआरपी पोस्ट पर जवानों को अलर्ट किया गया है। प्लेटफार्म पर भी एंट्री गेट पर सुरक्षा को बढ़ाया गया है। 

छह माह पूर्व भी दहलाने की मिली थी धमकी
छह माह पूर्व 25 सितंबर 2018 को भी आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा द्वारा उत्तर भारत को दहलाने की धमकी मिली थी। कैंट रेलवे स्टेशन के डायरेक्टर को भेजे गए एक धमकी भरे पत्र से हड़कंप मच गया था। पत्र में 20 अक्तूबर और दस नवंबर को रेलवे स्टेशनों के अलावा सैनिक छावनियों, एयरपोर्ट, पेट्रोल पंप और धार्मिक स्थलों को उड़ाने की धमकी दी गई थी। वहीं वहीं कुछ वर्ष पूर्व रेलवे स्टेशन की पार्किंग में से एक कार से पांच किलो आरडीएक्स भी बरामद हुआ था। 

मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही सुलझा लिया जाएगा। जिस नंबर से फोन पर धमकी दी गई थी उस नंबर की लोकेशन और कॉल डिटेल भी निकाली जा रही है ताकि जल्द मामले का खुलासा किया जा सके। - रघुवीर, आरपीएफ कमांडेंट

आरपीएफ कंट्रोल रूम में कैरिज एवं वैगन के पास बम रखने की सूचना मिली थी, जिसके बाद चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस को कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और लगातार चेकिंग अभियान चलाने के आदेश दिए हैं। - मदन लाल, डीएसपी, रेलवे
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें