गिद्दड़बाहा में एक ही रात में चोरों ने सात दुकानों को निशाना बनाया है। दुकानों के शटर तोड़ कर सामान चोरी कर चोर फरार हो गए। चोरी की वारदात का दुकानदारों को सुबह पता चला।
भड़के दुकानदारों ने दुकानें बंद रख कर भारू गेट पर रोड जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करनी शुरू कर दी। वहीं दुकानदारों के समर्थन में विधायक व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग भी पहुंचे। विधायक ने आम आदमी पार्टी के कार्यकाल में बिगड़ी कानून व्यवस्था पर आप सरकार को जमकर निशाने पर लिया।
जानकारी के अनुसार चोरों ने मंगलवार की रात को बाबा गंगा राम स्पोर्ट्स स्टेडियम के पास स्थित बांसल वाइट हाउस कपड़े की दुकान के ताले तोड़ कर 35 हजार की नकदी व कपड़े चोरी किए गए। प्राचीन श्री दुर्गा मंदिर के सामने स्थित मक्कड़ क्लाथ हाउस के ताले तोड़ कर 25 हजार की नकदी व 35 कंबल चोरी कर लिए।
इसके बाद चोरों ने धर्मशाला चौक में स्थित पंजाब मेडिकल हाल के ताले तोड़ 15 हजार रुपये चोरी किए। फिर चोरों ने भारू गेट के पास बांसल गारमेंटस की दुकान के ताले तोड़ कर एक हजार की नकदी व उसके साथ वाले गर्ग मेडिकल स्टोर से पांच हजार की नकदी और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर चुरा लिया। इसके बाद पास ही स्थित विक्की मेडिकल हॉल से सात हजार व महंगी क्रीमें, लोशन व दवाओं पर हाथ साफ कर डाला। गिद्दड़बाहा के पास के गांव हुसनर में स्थित न्यू फ्रैंड्ज मेडिकोज की दुकान के ताले तोड़ कर भी चोरों ने 500 रुपये की नकदी उड़ाई। इस दुकान की बैक साइड स्थित एक दुकान के मालिक को पता चलने पर उसने शोर मचा दिया तो चोर एक सफेद रंग की ब्रेजा कार में फरार हो गए।
पीड़ित दुकान मालिक यश बांसल, अवतार सिंह मक्कड़, विनोद बांसल लक्की, संजीव बांसल,विपिन गर्ग, विक्की बलकार सिंह ने बताया कि इस चोरी संबंधी उन्होंने थाना गिद्दड़बाहा पुलिस को सूचित कर दिया है। शहर में एक रात में इतनी दुकानों में चोरी होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन व राज्य सरकार के खिलाफ धरना लगाकर रोष प्रदर्शन किया।
उधर, धरना स्थल पर पहुंचे डीएसपी जसबीर सिंह पन्नू ने दुकानदारों को आश्वासन दिया कि वह जल्द ही चोरों को काबू कर लेंगे। मगर दुकानदार आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़े हुए हैं। धरने में नगर कौंसिल के प्रधान नरेंद्र मुंजाल बिंटा अरोड़ा, पार्षद दीपक गर्ग, अमित कुमार शिंपी बांसल, अशोक कुमार जैन, करियाना एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप गर्ग, भगवान दास आहूजा,मदल लाल बांसल, राकेश बांसल रिक्की, विक्की गर्ग, स्वर्ण सिंह ढल्ला भी मौजूद थे।
दुकानदारों के धरने में पहुंचे पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पहुंच कर समर्थन दिया। राजा वड़िंग ने कहा कि शहर में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। मगर पुलिस प्रशासन कुंभकर्णी नींद सो रहा है। राजा वड़िंग ने धरना स्थल पर डीजीपी व जिले के एसएसपी भागीरथ सिंह मीना से फोन पर बात की है। राजा वड़िंग ने बताया कि उक्त अधिकारियों ने पांच दिन में चोरी की वारदात करने वाले आरोपियों को ट्रेस करने का आश्वासन दिया है। सुबह करीब बजे से चल रहा धरना देर शाम तक जारी रहा।