मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सड़क हादसों में मृत्यु दर घटाने के लिए सरकार ने सड़क सुरक्षा फोर्स की शुरुआत की है। अपनी तरह की इस पहली विशेष फोर्स को खराब ड्राइविंग रोकने, सड़कों पर वाहनों की गतिविधि को सुचारु बनाने और सड़क हादसों पर रोक लगाने का कार्य सौंपा गया है। इससे थानों में तैनात पुलिस कर्मचारियों पर से काम का बोझ भी घटेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले चरण में इस विशेष फोर्स में 1300 कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी।
सीएम ने विपक्ष से पूछा- राज्य को बर्बाद किसने किया?
विरोधियों की बयानबाजी की आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हर कोई पंजाब को बचाना चाहता है लेकिन यह बताओ कि राज्य को किसने बर्बाद किया? मान ने कहा कि उन्होंने केवल 20 महीने पहले ही कार्यभार संभाला है लेकिन यह लोग और परिवार लंबे समय से पंजाब में शासन कर रहे हैं। इन लोगों ने आम आदमी और राज्य को बेरहमी से लूटा है। अब वह ऐसे बयान से लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।