मनीमाजरा। मॉडर्न कांप्लेक्स गेट नंबर गेट-3 के पास गंदगी के ढेर लगे रहते हैं। ये गंदगी के ढेर सड़क किनारे छोटी मार्केट के लिए लगाए डस्टबिनों के बाहर लगे हैं। यहीं पास में एक छोटा पार्क और छोटी मार्केट की दुकानें बनी हुई है। इसके बावजूद डस्टबिन के बाहर पड़े गंदगी के ढेरों को हटाया नहीं जाता है। इस कारण डस्टबिन के पास ही सड़क किनारे बनी रोड गली भी गंदगी और मिट्टी के कारण जाम हो चुकी है।
शास्त्री ब्राह्मण वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान रामेश्वर गिरी ने कहा कि इस एरिया के बिल्कुल सामने शिव ठाकुर द्वारा पुराना और बड़ा मंदिर है। उसके सामने गंदगी के ढेर और गंदगी से रोड गली बंद पड़ी है। जिसका सीधा असर बरसात के सीजन में दिखाई देगा।
मनीमाजरा में एमओएच विंग के अधिकारी सफाई अभियान चलकर गंदगी को हटाने के बड़े-बड़े दावे कर रहे है। जबकि हकीकत है कि सड़क पर कूड़ेदानों के बाहर कूड़े ढेर लगे है।
इलाके के रामेश्वर गिरि और रविकांत व्यास का कहना है जिस सड़क और गेट के सामने ये गंदगी के ढेर लगे हैं वह मॉडर्न कांप्लेक्स को कलाग्राम और मनीमाजरा से आने वाली मुख्य सड़क है। उसके बावजूद न तो सफाई कर्मचारियों को और न ही अधिकारियों को दिखाई दे रहा है। रामेश्वर गिरि का कहना है कि ऐसे हालात में नगर निगम चंडीगढ़ को सफाई में नंबर बनाने का दावा पेश कर रहा है।