चंडीगढ़। हवालात की सलाखें तोड़कर भागने वाला चोर पुलिस ने तीन दिन बाद पकड़ लिया। चोर को पकड़कर कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने चोरी की पूरी कहानी सुनी और पूरा खुलासा किया। चोर नशे का आदी है। वह हवालात से भागकर कई जगह होकर चंडीगढ़ आ गया था।
सेक्टर 39 थाने की हवालात में मोहाली के गांव बलौंगी निवासी दिवेश शर्मा को साइकिल चोरी के आरोप में पुलिस ने पकड़ा था। उसी रात वह जंग लगी हवालात की सलाखें तोड़कर फरार हो गया। वह बस के जरिए सीधे अपने घर बलौंगी पहुंचा। पत्नी व बच्चे को लेकर अमृतसर एक गुरुद्वारे में पहुंचा। रात को वहीं रुका। खाने के उसके पास अधिक पैसे नहीं थे। ऐसे में किसी न किसी वाहन से वह लिफ्ट लेकर चंडीगढ़ लौटा। घर से कुछ दूरी पर ही उसने पत्नी व बच्चे को छोड़ दिया। पत्नी से कहा कि वह दो दिन में आ जाएगा। उसके बाद वह मोहाली के एक गुरुद्वारे में रहा ताकि उसे खाना मिल सके। पैसे के अभाव में वह चंडीगढ़ आया ताकि किसी के जरिए पैसे बटोरे जा सकें। इसकी भनक पुलिस को लगी। सेक्टर थाने के इंस्पेक्टर जुलदान सिंह व एसआई पल्सोरा सतनाम सिंह ने सेक्टर 55-56 पर नाका लगाया। यहीं से दिवेश पैदल गुजर रहा था। पुलिस ने उसे धर दबोचा। इससे पहले एक टीम अमृतसर में दिवेश को पकड़ने गई थी। पुलिस के लिए यह घटना नाक का सवाल बन गई थी। ऐसे में पुलिस ने पूरा जाल बिछाकर इसे पकड़ लिया। कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। एसएसपी कुलदीप चहल का कहना है कि टीम को कामयाबी मिली है।