-कच्चा माल, बिजली और श्रम लागत बढ़ने से उद्योग को झटका, एसोसिएशन ने दरों में इजाफा किया
राजीव शर्मा
लुधियाना। देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्र लुधियाना में सिलाई मशीन उद्योग गहरे आर्थिक संकट से जूझ रहा है। कच्चे माल, स्पेयर पार्ट्स, बिजली और मजदूरी लागत में लगातार बढ़ोतरी ने उद्योग की कमर तोड़ दी है। इस संकट के बीच स्यूईंग मशीन डीलर्स एंड असैंबलर्स एसोसिएशन ने सिलाई मशीनों की कीमतों में वृद्धि का ऐलान किया, जो तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है। एसोसिएशन के अनुसार घरेलू सिलाई मशीन में 100 रुपये, अम्ब्रेला व ओवरलॉक मशीन में 150 रुपये, इम्ब्रॉयडरी मशीन में 200 रुपये और मशीन मोटर की कीमत में 150 रुपये तक बढ़ोतरी की गई है। एसोसिएशन के प्रधान संदीप सिंह ने बताया कि स्टील, कास्ट आयरन, एल्युमिनियम और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुके हैं। इसके साथ ही बिजली, ट्रांसपोर्टेशन और मजदूरी लागत ने उद्योग पर भारी दबाव डाला है।
संकट का कारण और चेतावनी
संदीप सिंह ने कहा कि लंबे समय तक पुरानी दरों पर काम करने से उद्योग को नुकसान झेलना पड़ा। यदि समय पर कीमतों में संशोधन नहीं किया गया, तो कई छोटी और मध्यम इकाइयां बंद हो सकती हैं, जिससे हजारों कामगारों का रोजगार संकट में पड़ जाएगा। एसोसिएशन के ऑडिटर रजनीश जैन ने कहा कि दामों में बढ़ोतरी सोच-समझकर और सीमित रखी गई है, ताकि उपभोक्ताओं पर अनावश्यक बोझ न पड़े।
सरकार से राहत की मांग
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि यह बढ़ोतरी किसी अतिरिक्त मुनाफे के लिए नहीं, बल्कि उत्पादन और संचालन लागत की भरपाई के लिए की गई है। एलएसएमआईए के प्रधान अमरजीत सिंह डिंपल और फाइनेंस सेक्रेटरी जतिंदर नागपाल रिंकू ने कहा कि यदि सरकार ने समय पर टैक्स में छूट, सस्ती बिजली और राहत पैकेज नहीं दिए, तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। अमरजीत सिंह डिंपल ने कहा कि कच्चे माल की महंगाई, स्पेयर पार्ट्स के बढ़ते दाम, बिजली दरों में इजाफा और मजदूरी खर्च ने उद्योग को झकझोर कर रख दिया है
पुराने ढर्रे पर काम कर रहा उद्योग
उद्यमियों ने कहा कि लुधियाना का सिलाई मशीन उद्योग अभी भी पुराने ढर्रे पर काम कर रहा है। अधिकांश इकाइयां माइक्रो सेक्टर में होने के कारण अपग्रेड नहीं हो पा रही हैं। उन्होंने विश्व स्तरीय रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर की मांग की, ताकि उद्योग आधुनिक तकनीक के साथ प्रतिस्पर्धा कर सके। एसोसिएशन ने सरकार से आग्रह किया है कि उद्योग को गंभीरता से लिया जाए, अन्यथा लुधियाना और पूरे देश की गारमेंट और होजरी इंडस्ट्री पर इसका बुरा असर पड़ेगा।
कितने बढ़े दाम
-घरेलू सिलाई मशीन: 100 रुपये
-अम्ब्रेला/ओवरलॉक मशीन: 150 रुपये
-इम्ब्रॉयडरी मशीन: 200 रुपये
-मशीन मोटर: 150 रुपये