चंडीगढ़। अंतरराष्ट्रीय नर्सेज डे के अवसर पर वीरवार को जीएमसीएच-32 में कई कार्यक्रम हुए। इस अवसर पर नर्सिंग ऑफिसर ने माइम शो के माध्यम से कोरोना की विभीषिका को मंच पर जीवंत करने का सफल प्रयास किया। उनकी प्रस्तुति को खूब वाहवाही मिली। इसे देखकर वहां मौजूद लोग भावुक हो गए। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए जीएमसीएच-32 की डायरेक्टर प्रिंसिपल प्रोफेसर जसविंदर कौर ने सभी को नर्सेज डे की बधाई दी। अतिथियों का स्वागत नर्सिंग सुपरीटेंडेंट प्रेमलता ने किया। वहीं डिप्टी नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट मनवीर कौर और असिस्टेंट नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट नवजोत कौर के नेतृत्व में नर्सिंग ऑफिसर ने विविध प्रतियोगिताओं में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर कॉलेज में मनाए गए सप्ताह व्यापी कार्यक्रम के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। ज्वाइंट डायरेक्टर जसबीर सिंह ने बताया कि कोरोना के दौरान मरीज की जान बचाने में नर्सों की भूमिका अहम रही। उन्होंने अपने और अपने परिवार की जान की परवाह किए बिना दिन-रात मरीजों की देखभाल की। वहीं अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. सुधीर गर्ग ने नर्सिंग ऑफिसर किसी भी अस्पताल के रीढ़ की हड्डी के समान होते हैं। वह कड़ी मेहनत और निष्ठा भाव से किए गए कार्यों के जरिए ही मरीज के दिल में अपनी जगह बनाने में सफल होते हैं। धन्यवाद ज्ञापन डिप्टी नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट अमनवीर कौर ने किया।