चंडीगढ़। कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में हुए हादसे में घायल छात्रा सेजल की स्पाइनल इंजरी के लिए सर्जरी पर मंथन चल रहा है। हालांकि उसकी हालत स्थिर है। पीजीआई के अनुसार विशेषज्ञों की राय के बाद जल्द सर्जरी की जाएगी।
सेजल पीजीआई ट्रॉमा सेंटर में शनिवार से बेड पर है। वह हिल भी नहीं पा रही लेकिन उसके चेहरे पर न तो डर है न कोई चिंता। इस हादसे से जहां बड़ों की हालत खराब हो गई है, उसकी पीड़िता होने के बावजूद सेजल ने हिम्मत नहीं हारी है। वह डॉक्टरों से खुद ही अपने इलाज से जुड़ी चीजें पूछ रही है। शनिवार को जब डॉक्टर राउंड पर आए तो उसने पूछा कि उसकी सर्जरी कब होगी। उसे ठीक होने में कितना समय लगेगा। वह कितने दिनों में फिर से चल और दौड़ पाएगी। सेजल के पिता सरवन का कहना है कि उनकी बेटी बहुत हिम्मत वाली है। वह इतनी आसानी से हार नहीं मानने वाली। उन्हें पूरा विश्वास है कि वह अपने धैर्य और हिम्मत के बल पर जल्द फिर पहले जैसी हो जाएगी।
महिला अटेंडेंट शीला की हालत नाजुक
हादसे में घायल महिला अटेंडेंट शीला की हालत नाजुक बनी हुई है। सिर में गंभीर चोट के कारण वह अब तक बेहोश है। उसे पीजीआई ट्रॉमा आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है। वहीं छात्रा इशिता को हाथ की सर्जरी के बाद पीजीआई ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों के ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। हादसे के बाद स्कूल की तीन छात्राओं और एक महिला अटेंडेंट को पीजीआई लाया गया था, जहां छात्रा हीराक्षी को मृत घोषित कर दिया गया था, जबकि इशिता का इलाज के दौरान बायां हाथ काटना पड़ा था।