मानसून सत्र के दौरान हरियाणा-पंजाब विधानसभा के सात साझा रास्तों पर अस्थायी बैरिकेडिंग की जाएगी। 20 अगस्त से होने वाले सत्र में मुख्यमंत्री, मंत्रियों व विधायकों की सुरक्षा के लिए दोनों राज्यों व चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों की छह सदस्यीय समिति गठित की गई है। हरियाणा विधानसभा स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता ने सोमवार को पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की।
बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सुरक्षा चूक के मामले को देखते हुए हरियाणा विधानसभा सचिवालय इस सत्र में कोई जोखिम उठाने के मूड में नहीं है। सोमवार को हुई बैठक में सुरक्षा के मद्देनजर अनेक निर्णय लिए गए। सुरक्षा के लिए बनी समिति में पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के एसपी स्तर के पुलिस अधिकारी, दोनों विधानसभा के सुरक्षा प्रमुख और चंडीगढ़ प्रशासन के नोडल अधिकारी शामिल होंगे। सत्र के दौरान पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी योजना बनाई गई है।
स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि बीते बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल की प्रेस वार्ता के वक्त विधानसभा परिसर में पंजाब के कुछ अकाली विधायकों ने अशोभनीय व्यवहार किया था। उन्होंने अफसरों को आगाह किया है कि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा प्रबंधों का विस्तार से ब्योरा मांगा है।
चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मानसून सत्र के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट प्रतिदिन विधानसभा के नियंत्रण कक्ष को रिपोर्ट करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैनात कर्मियों के बीच तालमेल स्थापित करने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप भी बनेगा। अधिकृत वाहन ही विधानसभा परिसर में प्रवेश कर सकेंगे। इसका पूरा जिम्मा सीआईएसएफ विंग पर रहेगा। ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों और अन्य कर्मचारियों की सुविधा के लिए पार्किंग क्षेत्र में अस्थायी कैंटीन और शौचालयों की व्यवस्था भी रहेगी। विधानसभा के बाहर प्रेस वार्ता नहीं होगी।
बैठक में ये अफसर रहे मौजूद
बैठक में हरियाणा के मुख्य सचिव विजय वर्धन, गृह विभाग के एसीएस राजीव अरोड़ा, चंडीगढ़ के गृह सचिव अरुण गुप्ता, हरियाणा के नवनियुक्त पुलिस महानिदेशक पीके अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सीआईडी आलोक मित्तल, आईजी सौरभ सिंह, हरियाणा विधानसभा सचिव आरके नांदल, पंजाब पुलिस के एडीजीपी एसएस श्रीवास्तव, पंजाब विधानसभा सचिव सुरिंद्र पाल, चंडीगढ़ के एडीसी एसएस माही, एसपी ट्रैफिक मनीषा चौधरी, सीआईएसएफ के सीनियर कमांडेंट एसपी सिंह मौजूद रहे।