चंडीगढ़ में सेक्टर-40 में नशे में धुत मनचला एक युवती को अश्लील कमेंट करने के साथ उससे छेड़छाड़ करने लगा। वारदात के समय पीड़िता अपनी सहेली के साथ मार्केट से लौट रही थी। छेड़छाड़ पर युवती ने शोर मचा दिया, जिससे आसपास के लोगों ने मनचले युवक को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस को सूचना दे दी।
सेक्टर-39 थाना पुलिस ने आईपीसी 354 व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मूलरूप से पंजाब के जालंधर निवासी सुरेंद्र (23) के रूप में हुई है। शुक्रवार को आरोपी को जिला अदालत में पेश किया जाएगा।
वारदात वीरवार रात करीब 8 बजे की है। 20 वर्षीय पीड़िता चंडीगढ़ स्थित एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती है। रात को वह अपने सहेली के साथ सेक्टर-40 मार्केट में किसी काम गई हुई थी। जब वह मार्केट से पैदल लौट रही थी तो रास्ते में नशे में धुत एक आरोपी सुरेंद्र अश्लील कमेंट कर उससे छेड़छाड़ करने लगा।
पहले तो युवती से उसे नजर अंदाज कर दिया, लेकिन जब मनचला नहीं माना तो युवती ने शोर मचा दिया। इसके बाद आसपास के लोग जमा हो गए। लोगों को पास आते देख आरोपी वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने मनचले को दबोच कर मामले की सूचना पुलिस को दे दी।
सूचना पर सेक्टर-39 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर उसका मेडिकल करवाया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।