सुनील जाखड़ के शुक्रवार को तेवर बदल गए । उन्होंने चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाए जाने का स्वागत किया। इसके साथ ही राहुल गांधी के पंजाब कांग्रेस के बारे में लिए गए फैसलों को भी सराहा। पार्टी के सूत्रों ने बताया कि हाईकमान ने जाखड़ को प्रचार कमेटी की जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी कर ली है । इस जिम्मेदारी के तहत जाखड़ चुनाव के लिए टिकट बांटने के काम में भी सीधे दखल दे सकेंगे।
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रधान सुनील जाखड़ को पार्टी हाईकमान की ओर से पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार कमेटी का प्रधान लगाए जाने की चर्चा है। गौरतलब है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद सुनील जाखड़ सीएम बनते-बनते रह गए थे। बीते दो दिनों के दौरान दिल्ली में राहुल और प्रियंका गांधी से हुई लगातार मुलाकात के बाद वे हाईकमान की गुड बुक में फिर से शामिल हो गए हैं। आरंभ में उन्होंने जहां नवजोत सिंह सिद्धू की आलोचना की थी, वहीं, चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाए जाने पर भी सवाल उठाए थे। शुक्रवार को उनके तेवर राहुल और प्रियंका गांधी से मुलाकात के बाद काफी बदले नजर आए।
विज्ञापन
चन्नी को सीएम बनाने के फैसले का स्वागत
जाखड़ ने चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाए जाने और राहुल गांधी के पंजाब कांग्रेस के बारे में लिए गए फैसलों का भी स्वागत किया। पार्टी के सूत्रों ने बताया कि हाईकमान ने जाखड़ को प्रचार कमेटी की जिम्मेदारी सौंपने का मन बना लिया है। इस जिम्मेदारी के तहत जाखड़ चुनाव के लिए टिकट बांटने के काम में भी सीधे दखल दे सकेंगे और हाईकमान से संपर्क में रहेंगे। हालांकि टिकट आवंटन में जाखड़ की शमूलियत का हाईकमान का फैसला मौजूदा प्रदेश प्रधान नवजोत सिद्धू को नागवार गुजर सकता है। फिलहाल यही जानकारी है कि हाईकमान की ओर से जाखड़ को प्रचार कमेटी का चेयरमैन बनाए जाने का एलान रविवार को मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह के बाद किया जाएगा।