ड्रग केस में पूर्व कैबिनेट मंत्री विक्रम सिंह मजीठिया की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। इस मामले में पटियाला रेंज के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर की अगुवाई में बनी सिट की ओर से मजीठिया को दोबारा समन जारी किया गया है। अकाली नेता को 16 जनवरी को पटियाला में सिट के सामने पूछताछ के लिए पेश होने को कहा गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी मजीठिया पटियाला में दो बार सिट के सामने पेश हो चुके हैं। इससे पहले वह मुखविंदर सिंह छीना की अगुवाई वाली सिट के सामने पेश हुए थे। छीना 31 अक्तूबर को अपने पद से रिटायर हो गए हैं। इसके बाद सिट प्रमुख का ओहदा पटियाला रेंज के डीआईजी हरचरन सिंह भुल्लर को दिया गया है।
मजीठिया जब भी सिट के सामने पेश होते हैं तो वह जमकर पंजाब सरकार के खिलाफ हमला बोलते हैं। मजीठिया का कहना है कि उन्होंने सीएम भगवंत मान की बेटी के हक में बोला था। इसके बाद उन्हें सिट की ओर से ड्रग केस में सम्मन जारी कर दिया गया। मजीठिया का आरोप है कि उनसे अब तक नशे की बरामदगी नहीं हुई है। उन्हें गलत केस में फंसाया गया है। अब मान सरकार लगातार उन्हें इस केस में पूछताछ के लिए बुलाकर परेशान कर रही है जो किसी भी तरह से सही नहीं है।