मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने छह नवंबर को अपने मंत्रिमंडल की बैठक बुला ली है। शनिवार शाम चार बजे पंजाब सिविल सचिवालय में होने वाली इस बैठक के लिए फिलहाल एजेंडे का एलान नहीं किया गया है। पता चला है कि इस बैठक में उन प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया जाएगा, जिन्हें विधानसभा सत्र में पेश किया जाना है।
इन प्रस्तावों में केंद्र सरकार के तीनों कृषि कानूनों को रद्द करने और पंजाब में बीएसएफ का अधिकार क्षेत्र बढ़ाने के फैसले को रद्द करने संबंधी प्रस्ताव लाए जाने हैं। आठ नवंबर को पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र है।
मुख्यमंत्री चन्नी ने दिवाली, बंदी छोड़ दिवस और विश्वकर्मा दिवस की दी बधाई
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने प्रदेश के लोगों को दिवाली और बंदी छोड़ दिवस की बधाई दी। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि आओ रोशनियों के इस पवित्र त्योहार को हम रिवायती तरीके से मनाते हुए एकता और सद्भावना से खुशियों और मनोभावों के दीये जलाएं।
मुख्यमंत्री ने सभी लोगों खासकर सिख पंथ को ‘बंदी छोड़ दिवस’ की भी गरिमापूर्ण मुबारकबाद दी। यह दिवस 1612 में छठे पातशाही श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी की तरफ से दिवाली वाले दिन ही ग्वालियर के किले से 52 हिंदू राजाओं को रिहा करवाने के मौके के तौर पर मनाया जाता है। मुख्यमंत्री ने लोगों को विश्वकर्मा दिवस की भी मुबारकबाद दी। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि श्रमिक वर्ग का जीवन और भी खुशहाल होगा।
माधवी कटारिया मालेरकोटला की डीसी नियुक्त
पंजाब सरकार ने बुधवार को तत्काल प्रभाव से मालेरकोटला की डीसी समेत दो आईएएस अधिकारियों के तबादला व नियुक्ति आदेश जारी किया जबकि एक अधिकारी जो अवकाश पर हैं, उनकी नियुक्ति का आदेश बाद में जारी होगा।
सरकार ने माधवी कटारिया, जोकि एडिशनल मुख्य चुनाव अधिकारी पंजाब तैनात थीं, को अमृत कौर गिल की जगह मालेरकोटला का डीसी बनाया है। इनके अलावा एडिशनल सेक्रेटरी जनरल एडमिनिस्ट्रेशन अमनदीप कौर को बदलकर एडिशनल मुख्य चुनाव अधिकारी पंजाब लगाया गया। अमृत कौर गिल इन दिनों अवकाश पर हैं। लौटने पर नया नियुक्ति आदेश जारी किया जाएगा।