पिछले कुछ दिनों से धर्मांतरण के मुद्दे पर मचे बवाल के बीच केंद्र सरकार द्वारा इस पर सभी की राय से कानून बनाने के प्रस्ताव का पंजाब ने समर्थन किया है।
पंजाब के डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने कहा है कि जबरदस्ती धर्मांतरण कराना गलत है। इस पर रोक होनी चाहिए और केंद्र सरकार के कानून बनाने का प्रस्ताव सही है। सुखबीर शुक्रवार को माडल टाउन में आयोजित कांफ्रेंस में बोल रहे थे। डिप्टी सीएम ने कहा कि देश में कई धर्मों के लोग एकसाथ रहते हैं और सभी को अपने अपने धर्म को मानने की पूरी आजादी है। जबरदस्ती धर्मांतरण पर रोक लगाने को सरकार ठोस उपाय करे।
सीएम बादल के साथ दोपहर तक भी काम नहीं कर सकते कैप्टन
पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा बढ़ती उम्र के कारण सीएम प्रकाश सिंह बादल की रिटायरमेंट को लेकर दिए बयान पर सुखबीर बोले की आज भी कैप्टन सीएम बादल के जितना काम नहीं कर सकते। सुखबीर ने चैलेंज किया कि यदि कैप्टन सुबह से लेकर रात तक बादल के साथ एक दिन लगा कर उतना काम करके दिखा दे तो बात है। सुखबीर ने चुटकी ली कि कैप्टन की तो दोपहर तक ही बस हो जाएगी।
सीएम निवास के बाहर आत्मदाह के प्रयास पर डिप्टी सीएम ने मांगी रिपोर्ट
चंडीगढ़ में सीएम निवास के बाहर एक महिला द्वारा आत्मदाह करने की कोशिश पर डिप्टी सीएम ने कहा कि यह दुखद घटना है। इस संबंध में डीजीपी को निर्देश दिए गए हैं कि मामले की पूरी छानबीन करके रिपोर्ट दी जाए। बादल ने कहा कि सरकार हर नागरिक की समस्याओं का समाधान करने को तत्पर है।