चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में एसी जोशी लाइब्रेरी को खुलवाने को लेकर बुधवार को दूसरे दिन भी छात्रों का धरना जारी रहा। छात्र एसी जोशी लाइब्रेरी के पहले तल पर धरना दे रहे हैं। छात्रों का कहना है कि परीक्षाएं शुरू होने के कारण उन्हें रात को एसी जोशी का एक ही ग्राउंड फ्लोर पर स्थित रीडिंग हॉल खुले होने के कारण समस्या आती है। रात को रीडिंग हॉल में बैठने के लिए जगह नहीं रहती इसलिए पूरी लाइब्रेरी को 24 घंटे खोला जाना चाहिए। वहीं पीयू प्रशासन का कहना है कि रात को विद्यार्थियों के पढ़ने के लिए गुरु तेग बहादुर हॉल के रीडिंग हॉल को खोल दिया जाएगा।
पीयू एसी जोशी लाइब्रेरियन जीवेश बंसल ने बताया कि मंगलवार रात को छात्रों की ओर से शुरू किए प्रदर्शन की सारी जानकारी डीयूआई को पहुंचा दी गई है। इसको लेकर रिव्यू कमेटी की बैठक भी की गई। पीयू प्रशासन पहले और दूसरे तल पर किताबों और कीमती दस्तावेजों के होने के कारण उन्हें नहीं खोल सकता है क्योंकि रात को रखरखाव में दिक्कत आती है। इसलिए हम रात को छात्रों के पढ़ने के लिए गुरु तेग बहादुर में बने रीडिंग रूम को खोल रहे हैं। तेग बहादुर हॉल में भी तीन तल हैं जहां विद्यार्थी आराम से बैठकर पढ़ाई कर सकते हैं। वहीं एबीवीपी के सचिव शौर्य मेहरा ने बताया कि मंगलवार रात से धरने पर बैठे हैं और पीयू प्रशासन की तरफ से बैठक की गई थी। हमें प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है, इसलिए धरना जारी रखेंगे।