पंजाब यूनिवर्सिटी के साथ चंडीगढ़ के 11 कॉलेजों में नामांकन के साथ छात्रसंघ चुनाव का शंखनाद हो गया। छात्र संगठनों ने अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर पूरे जोरशोर से उनका नामांकन करवाया। पीयू समेत सभी कॉलेजों में छात्रसंघ के लिए 330 उम्मीदवारों ने ताल ठोकी है।
पंजाब यूनिवर्सिटी में इस बार अध्यक्ष पद के लिए 26, उपाध्यक्ष पद के लिए 29, महासचिव के लिए 21 और संयुक्त सचिव के लिए 23 उम्मीदवार चुनावी रण में उतरे हैं। वहीं, शहर के 11 कॉलेजों में अध्यक्ष पद के लिए 56, उपाध्यक्ष पद के लिए 61, महासचिव पद के लिए 60 और संयुक्त सचिव के लिए 54 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। इस बार श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज फॉर वुमन में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव और संयुक्त सचिव के लिए सिर्फ एक-एक उम्मीदवार ने ही परचा भरा है। अगर इन उम्मीदवारों में से किसी ने नामांकन वापस नहीं लिया तो शुक्रवार शाम को अंतिम सूची आने के साथ ही ये उम्मीदवार निर्विरोध रूप से चुन लिए जाएंगे। वहीं, जीसीसीबीए-50 में महसचिव, पीजीजीसीजी-11 में उपाध्यक्ष और संयुक्त सचिव में भी एक ही उम्मीदवार ने नामांकन भरा है। ऐसे में यहां भी इन पदों पर निर्विरोध चुनाव लगभग तय है।
यह भी पढ़ें: Punjab: मान की चेतावनी दरकिनार, आज से पटवारियों की हड़ताल, एस्मा को अदालत में देंगे चुनौती
नामांकन के दौरान डीएवी और एसडी कॉलेज में समर्थकों ने खूब जोश दिखाया। वहीं, पीयू समेत अन्य कॉलेजों में नामांकन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी करवाई गई। नामांकन के दौरान डीएवी कॉलेज में पुलिस ने कुछ बाहरी युवकों को भी पकड़ा। सभी कॉलेजों में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
सुबह साढ़े 9 बजे शुरू हुआ नामांकन
पंजाब यूनिवर्सिटी समेत सभी कॉलेजों में सुबह साढ़े 9 बजे नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। पीयू के बड़े विभागों यूआईएलएस, यूआईईटी, यूआईईसीईटी और एंथ्रोपोलॉजी के बाहर अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के नामांकन के दौरान पुलिस के एक-दो कर्मचारी तैनात रहे। हालांकि पीयू में दोपहर के बाद उम्मीदवारों के नामांकन को लेकर फॉर्मेसी के बाहर एनएसयूआई और सोई के कार्यकर्ताओं में हल्की बहस हुई। बाकी माहौल शांतिपूर्ण रहा।
आज नाम वापस ले सकेंगे उम्मीदवार
शुक्रवार सुबह साढ़े 10 से दोपहर 12 बजे तक उम्मीदवारों को नाम वापसी के लिए समय दिया जाएगा। इसके बाद अंतिम सूची साढ़े 12 बजे तक डीएसडब्ल्यू दफ्तर को भेजी जाएगी। दोपहर ढाई बजे के करीब डीएसडब्ल्यू दफ्तर की ओर से उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
कॉलेज चुनाव : श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज-26 में सबसे ज्यादा 54 नामांकन
1. सेक्टर-10 स्थित डीएवी कॉलेज में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए 12 नामांकन हुए। वहीं, महासचिव पद के लिए 10 और संयुक्त सचिव के लिए 13 उम्मीदवारों ने परचा भरा।
2. सेक्टर-26 स्थित श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज में अध्यक्ष पद के लिए 11, उपाध्यक्ष पद के लिए 15, महासचिव पद के लिए 14 और संयुक्त सचिव पद के लिए 14 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरा।
3. सेक्टर-46 स्थित पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज में अध्यक्ष के लिए देव व्रत सिंगला, शुभम और ओम ने नामांकन किया। उपाध्यक्ष पद के लिए लकी, चांदनी यादव, और प्रिया ने परचा भरा। महासचिव पद के लिए वैशाली, देव व्रत सिंगला, शिवानी, रजत सिंह और मोहम्मद शहबाज जबकि संयुक्त सचिव पद के लिए रमनजोत कौर और अभिषेक ने नामांकन पत्र भरा।
4. सेक्टर-32 स्थित जीजीएसडी कॉलेज में अध्यक्ष पद के लिए आठ, उपाध्यक्ष के लिए आठ, महासचिव के लिए सात और संयुक्त सचिव के लिए पांच उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
5. सेक्टर-36 स्थित एमसीएम डीएवी कॉलेज फॉर वुमन में अध्यक्ष पद के लिए पांच, उपाध्यक्ष के लिए धृति, लाव्या और प्रिया, महासचिव के लिए नमन, पलक, प्रनत और सृष्टि जबकि संयुक्त सचिव के लिए दो छात्राओं मनल और शायला ने परचा भरा।
6. सेक्टर-42 स्थित पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स में उपाध्यक्ष पद के लिए अंजली, अवनिता और नेहा का अध्यक्ष, प्रिया और रोजी, महासचिव पद के लिए हरउम्मीदा कौर, रूबल प्रीत कौर और संयुक्त सचिव के लिए प्रिया भारती और स्नेहा ने परचा भरा।
7. सेक्टर-11 स्थित पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज में अध्यक्ष पद के लिए छह, उपाध्यक्ष के लिए नौ, महासचिव के लिए 11 और संयुक्त सचिव के लिए आठ उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
8. सेक्टर-26 स्थित गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज फॉर वुमन में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव और संयुक्त सचिव पद के लिए एक-एक विद्यार्थी ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
9. सेक्टर-11 स्थित पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स में अध्यक्ष पद के लिए प्रियंका शर्मा और पूजा, उपाध्यक्ष पद के लिए अंकिता रावत, महासचिव के लिए जसलीन कौर और वंशिका राणा और संयुक्त सचिव के लिए प्रेरणा ने परचा भरा।
10. सेक्टर-45 स्थित देव समाज कॉलेज फॉर वुमन में अध्यक्ष पद के लिए विनीता, अदिती और रिया, उपाध्यक्ष पद के लिए सारिका, मधुसमिता और प्रांजल, महासचिव पद के लिए तानिया, प्राची और सोनाली जबकि संयुक्त सचिव पद के लिए यशिका, तसबीन, श्रेष्टी और अक्षिता ने नामांकन किया।
11. सेक्टर-50 स्थित गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में पिछली बार चुनाव रद्द कर दिए गए थे लेकिन इस बार विद्यार्थी चुनाव लड़ रहे हैं। यहां अध्यक्ष पद के लिए अर्शदीप सिंह और साहिल अहूजा, उपाध्यक्ष पद के लिए हर्दिल विशेष, महक आनंद, राहुल ठाकुर, और सिमरन ठाकुर, महासचिव के लिए नितिश कंसल और संयुक्त सचिव के लिए सुरेंदर सिंह और वंशिका सूरी ने परचा भरा है।