पंजाब में पराली जलाने के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। शनिवार को 89 नए मामलों के साथ इस सीजन में अब तक की कुल संख्या 1319 पहुंच गई। इनमें शनिवार को सबसे अधिक 15 मामले अमृतसर से सामने आए जबकि 12 पटियाला से, 11 संगरूर से, आठ फिरोजपुर से, सात फतेहगढ़ साहिब से, तीन तरनतारन व सबसे कम एक मामला बरनाला में सामने आया है।
वहीं, अगर बीते दो सालों में शनिवार के ही दिन पराली जलाने के मामलों को देखा जाए तो 2022 में इस बार के मुकाबले 82 मामले और साल 2021 में 229 मामले रिपोर्ट हुए थे। जबकि साल 2021 में 14 अक्तूबर तक पराली जलाने के कुल मामले 1286 और साल 2022 में 1057 सामने आए थे।
पराली जलाने के बीच प्रदेश के शहरों का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) का स्तर भी बढ़ रहा है। बठिंडा में शनिवार को 182, लुधियाना में 151, पटियाला में 119, मंडी गोबिंदगढ़ में 115, जालंधर में 86 व खन्ना में 104 एक्यूआई दर्ज किया गया। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन आदर्श पाल विग के मुताबिक बोर्ड ने लगातार किसानों को जागरूक करने के साथ-साथ मॉनिटरिंग भी कर रहा है। पराली जलाने वाले किसानों के चालान काटकर जुर्माना लगाया जा रहा है।