त्योहारी सीजन शुरू होने से ठीक पहले पंजाब को दहलाने की फिराक में जुटे आतंकियों की बड़ी साजिश को केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से पंजाब पुलिस ने नाकाम किया है। पुलिस ने अमृतसर में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के दो आतंकियों को हथियारों समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी), दो हैंड ग्रेनेड, एक .30 बोर पिस्तौल के साथ दो मैगजीन और 24 कारतूस, आठ डेटोनेटर, एक टाइमर स्विच और चार बैटरी भी बरामद की हैं।
यह भी पढ़ें: लुट रहे पंजाबी: कॉन्ट्रैक्ट मैरिज कर विदेश जा रही युवतियां... फिर न पति का फोन उठाती न उन्हें बुलाती
इस आतंकी मॉडयूल को लश्कर-ए-तैयबा का सक्रिय सदस्य फिरदौस अहमद भट्ट ऑपरेट कर रहा था। उसके निशाने पर जम्मू-कश्मीर और पंजाब में रणनीतिक महत्व के स्थान और प्रमुख हस्तियां थी। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि आरोपियों की पहचान जम्मू-कश्मीर के रहपोरा खुदवानी के उजैर उल हक और खेरवान के राज मोहम्मद अंदलीब के रूप में हुई है।
आरोपियों पर अमृतसर में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए), आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। एक आरोपी जम्मू कश्मीर में पथराव की घटनाओं में शामिल रहा है।