सोनाली फोगाट हत्याकांड में अंजुना पुलिस ने एक और गिरफ्तारी की है। पकड़े गए ड्रग तस्कर की पहचान रामा मांड्रेकर के रूप में हुई है। इस मामले में अब गिरफ्तारियों की कुल संख्या पांच हो गई है। टिकटॉक की पूर्व स्टार और रियलिटी टीवी शो बिग बॉस की प्रतियोगी सोनाली फोगाट (43) को गोवा आने के एक दिन बाद 23 अगस्त को अस्पताल में मृत लाया गया था।
अधिकारी ने बताया कि शनिवार की रात उत्तरी गोवा जिले की अंजुना पुलिस ने ड्रग तस्कर रामा उर्फ रामदास मांड्रेकर को एक अन्य तस्कर दत्ताप्रसाद गांवकर को कथित तौर पर ड्रग्स की आपूर्ति करने के आरोप में गिरफ्तार किया, जो पहले से ही इस मामले में हिरासत में है। कोर्ट ने हत्याकांड में तीन आरोपियों कर्लीज रेस्तरां के मालिक एडविन नुन्स, ड्रग तस्कर रामा मांड्रेकर और दत्ताप्रसाद गांवकर को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। गोवा कोर्ट ने नून्स की जमानत अर्जी खारिज कर दी है।
वहीं गोवा के सीएम प्रमोद सांवत ने कहा कि हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने मुझसे बात कर मामले में गहन जांच का अनुरोध किया है। सोनाली के परिवार के सदस्य उनसे मिले और सीबीआई जांच की मांग की। इसी बारे में उन्होंने मुझसे बात की। मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है। तमाम औपचारिकताओं के बाद आज जरूरत पड़ी तो सीबीआई को मामला सौंप दिया जाएगा।