वीडियो कॉल पर बेटे से बात करते इंस्पेक्टर गुरदीप सिंह।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
यूक्रेन में फंसे अपने बेटे को पिता ने जब फोन किया तो वह वहां के हालात जान चिंतित हो उठे। वीडियो कॉल में अपने पुलिस इंस्पेक्टर पिता को बेटे करण किशोर ने बताया कि रूस की बमबारी और हमलों के कारण हम चिंता में हैं। रात को नींद नहीं आई। विस्फोट की आवाजें साफ सुनाई देती हैं। हम क्या करें, कुछ समझ नहीं आ रहा, जाने हमारा क्या होगा।
उन्होंने बताया कि उन्हें राजधानी कीव के निकट एक बेसमेंट में रखा गया है। हम अभी तक सुरक्षित तो हैं लेकिन काफी डर लग रहा है। करण ने कहा उनके साथ जालंधर के धीना गांव का भी एक छात्र है। यूक्रेन व रूस के बीच चल रही जंग के कारण करण के पिता के माथे पर चिंता की लकीरें साफ नजर आ रही हैं।
अपने बेटे की सलामती को लेकर जालंधर कमिश्नरेट पुलिस में तैनात इंस्पेक्टर गुरदीप सिंह भी काफी चिंतित हैं। इंस्पेक्टर गुरदीप सिंह का बेटा करण किशोर भी इस समय यूक्रेन में फंसा है। वीडियो कॉल में करण किशोर ने बताया कि वह कई दिनों से लौटने का प्रयास कर रहा है। 26 फरवरी को उसकी फ्लाइट थी लेकिन अब युद्ध छिड़ जाने के कारण वह भी बंद हो गई है।
करण ने कहा कि भारत सरकार और एजेंसियां लगातार उनके संपर्क में हैं। बेटे के साथ वीडियो कॉल करते समय भावुक इंस्पेक्टर गुरदीप सिंह ने कहा कि उनका बेटा एमबीबीएस करने लगभग चार साल पहले यूक्रेन गया था। करण का सातवां सेमेस्टर चल रहा है और उसके साथ जालंधर का एक और छात्र भी है। वह लगातार अपने बेटे के साथ वीडियो कॉल के जरिये जुड़े हैं। मगर पूरा परिवार चिंता में है। वह बेटे समेत सभी बच्चे के सही सलामत लौटने की अरदास परमात्मा से करते हैं।