फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चन्नी ने विदेश मंत्री को लिखा पत्र: यूक्रेन में फंसे पंजाबियों की वापसी में मदद करें केंद्र, पीएम के नाम ट्वीट भी किया

Fri, 25 Feb 2022 06:32 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने यूक्रेन में फंसे छात्रों और अन्य पंजाबियों को वहां से निकालने के लिए विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर को पत्र लिखा है।
विज्ञापन
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

यूक्रेन में पढ़ रहे पंजाब के हजारों विद्यार्थी रूसी हमले के बाद यूक्रेन में फंस गए हैं। उनकी सुरक्षित वापसी के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने विदेश मंत्री को पत्र लिखकर मदद का आग्रह किया है। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री से भी इस मामले में दखल देकर विद्यार्थियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित बनाने को कहा है। बता दें कि यूक्रेन में करीब 18 हजार भारतीय विद्यार्थी युद्ध के कारण फंसे हैं।

विज्ञापन


विदेश मंत्री एस. जयशंकर को लिखे पत्र में चन्नी ने कहा कि पंजाब सरकार भारतीय मूल के विद्यार्थियों और अन्य लोगों की यूक्रेन में सुरक्षा को लेकर चिंतित है। हमने उनकी वापसी के लिए केंद्र सरकार के दखल की मांग की है। मुख्यमंत्री चन्नी ने इससे पहले यूक्रेन में फंसे पंजाबियों समेत सभी भारतीयों को बचाने और सुरक्षित स्वदेश लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी दखल की मांग की थी। चन्नी ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा कि रूस-यूक्रेन के बीच जंग को लेकर बहुत चिंतित हूं। मैं माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करता हूं कि वह भारतीयों, खासकर पंजाबियों को बचाने और सुरक्षित वापस लाने के लिए दखल दें।

यूक्रेन में फंसे भारतीयों के लिए सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करे केंद्र: शिअद
पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने शुक्रवार को विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से रूस के हमले के बाद यूक्रेन में फंसे पंजाबी छात्रों की सुरक्षा के साथ-साथ उनके भारत पहुंचने के लिए सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने का आग्रह किया। हरसिमरत कौर बादल ने पंजाब के 33 छात्रों की एक सूची साझा की जो यूक्रेन के विभिन्न कॉलेजों में पढ़ रहे हैं। 
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि यूक्रेन में और अधिक पंजाबियों के फंसे होने की संभावना है। यूक्रेन में भारतीय दूतावास के माध्यम से छात्रों और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस बात का पता लगाया जाना चाहिए कि कैसे सभी भारतीयों को यूक्रेन से उड़ानों के रुकने के बाद सड़क के रास्ते से निकाला जा सकता है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) रीनत संधू से भी अलग से संपर्क किया और यूक्रेन में दूतावास के माध्यम से भारतीय छात्रों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया।

यूक्रेन में फंसे पंजाबियों की मदद को आगे आए भगवंत मान
संगरूर से सांसद भगवंत मान यूक्रेन में फंसे पंजाबियों की मदद के लिए आगे आए हैं। उन्होंने फंसे लोगों और उनके रिश्तेदारों की मदद के लिए व्हाट्सएप नंबर 9877847778 जारी किया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि वह यूक्रेन में फंसे लोगों की हर संभव मदद करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार से फंसे सभी भारतीयों की सुरक्षित और निशुल्क वापसी सुनिश्चित करने की मांग की है।

उन्होंने कहा है कि यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के कारण करीब 20,000 भारतीय वहां फंसे हैं, जिनमें अधिकांश छात्र हैं। भगवंत मान ने इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी से यूक्रेन में फंसे सभी छात्रों को मुफ्त और सुरक्षित वापस लाने की मांग की और कहा कि इस मामले के प्रति केंद्र सरकार का रवैया बेहद निराशाजनक है। पहले यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास के ढीले रवैए के कारण यूक्रेन में पढ़ रहे छात्रों के माता-पिता की शिकायतों पर अमल करने में देर हुई और फिर निजी एयरलाइंस कंपनियों ने किराया तीन गुना बढ़ा दिया।
विज्ञापन

 

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें