बीएसएफ ने बुधवार रात चन्नमोला पोस्ट पर पाकिस्तान की तरफ से तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया। सर्च अभियान के दौरान चार किलो सात सौ ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
तस्कर फरार होने में कामयाब हो गए। इस संबंध में बीएसएफ द्वारा पाक रेंजरों के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक कर इस हरकत के बारे में शिकायत दर्ज करा दी गई है।
बीएसएफ के आईजी अनिल पालीवाल और डीआईजी एमएफ फारुकी ने बताया कि चन्नमोला चेकपोस्ट पर तैनात बीएसएफ के जवानों को सीमा क्षेत्र में कुछ हरकत महसूस हुई, इस पर जवानों ने फायरिंग शुरू कर दी। तस्कर हेरोइन के पैकेट छोड़कर वहां से फरार हो गए।
बीएसएफ द्वारा रात से लेकर सुबह तक तस्करों को ढूंढने के लिए सर्च अभियान चलाया गया लेकिन कोई तस्कर हाथ नहीं आया। पालीवाल ने बताया कि पाक के उच्चाधिकारियों से बैठक कर उन्हें शिकायत दर्ज करवा दी गई।
आईजी अनिल पालीवाल ने बताया कि बरसात के कारण तस्करों के लिए तस्करी करना आसान हो जाता है। गृह मंत्रालय के आदेशों पर अमल करते हुए सीमा की सुरक्षा के लिए अधिक जवानों की तैनाती कर दी गई है।
2015 में अब तक हुई तस्करी
1. हेरोइन - 143.837 किलोग्राम अब तक
2. फर्जी करेंसी - 38 हजार रुपये
3. गांजा -30 किलो
4. हथियार-09
5. मैगजीन-07
6. कारतूस-110
7. पाक मोबाइल-07
8. पाक सिम-08
9. इंडियन मोबाइल-03
10. इंडियन सिम कार्ड-07
11. बीडी मोबाइल-01
12. बीडी सिम कार्ड-01
13. पाक से अवैध रुप से क्रास करने के मामले-12