चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय की परीक्षाएं ऑफलाइन करवाने के विरोध में छात्र उतर आए हैं। सोमवार को कई छात्र संगठनों ने वीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। नारेबाजी करने के बाद अधिकारी छात्रों के पास पहुंचे और ज्ञापन लिया। आश्वासन दिया कि वे जल्द ही इस प्रकरण पर निर्णय लेंगे।
एएसए, पीएसयू ललकार, आइसा आदि छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को वीसी कार्यालय के बाहर एकत्रित होकर धरना दिया। पीएसयू ललकार की कार्यकर्ता अमनप्रीत कौर ने कहा कि पीयू ने छात्रों को तनाव दे रखा है। पहले ऑनलाइन कक्षाएं लगाईं। छात्रों ने कैंपस खोलकर परीक्षाएं करवाने की मांग की, लेकिन अधिकारियों ने नहीं सुनी। अब अचानक ऑफलाइन परीक्षाएं करवाने के आदेश जारी कर दिए। जब उन्हें ऑनलाइन पढ़ाया गया है तो परीक्षा भी ऑनलाइन ही होनी चाहिए।
ऑनलाइन परीक्षाएं करवाएं, फिर शुरू करें ऑफलाइन कक्षाएं
एएसए के चेयरमैन गुरदीप का कहना है कि छात्र यहां आएंगे तो उन्हें ठहराने के लिए बंदोबस्त करने होंगे। तमाम समस्याओं से गुजरना होगा। ऐसे में पीयू इस बार परीक्षाएं ऑनलाइन ही करवाए। परीक्षा के बाद सभी छात्रों की ऑफलाइन कक्षाएं शुरू होनी चाहिए।