मास्क न लगाने पर मामा-भांजे को बुरी तरह पीटने वाले अमीर खास थाना प्रभारी गुरसेवक सिंह अभी इस मामले से बाहर निकले नहीं थे कि एक और हरकत कर बैठे। उन्होंने श्री गुरु नानक देव जी से एसएसपी फाजिल्का की तुलना कर दी। जैसे ही एसएचओ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ सिख जत्थेबंदियों ने विरोध करना शुरू कर दिया।
जत्थेबंदियों ने एसएसपी फाजिल्का से मांग की कि एसएचओ के खिलाफ कार्रवाई की जाए। कार्रवाई नहीं की गई तो सभी सिख जत्थेबंदियां एकत्र होकर विरोध करेंगी। एक नूर खालसा के प्रधान गुरचरण सिंह का कहना है कि एसएचओ गुरसेवक सिंह ने फाजिल्का-फिरोजपुर राजमार्ग स्थित टोल प्लाजा के पास कार सवार मामा-भांजे को मास्क नहीं लगाने पर पीटा था। उन्हें इस तरह किसी को पीटने का अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें एसएचओ अस्पताल में पत्रकारों से वार्ता कर रहे हैं। इसमें वह श्री गुरुनानक देव जी से फाजिल्का के एसएसपी की तुलना कर रहे हैं। श्री गुरुनानक देव जी से किसी व्यक्ति की तुलना नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा कि एसएचओ पर कानूनी कार्रवाई के साथ ही वह सबके सामने माफी मांगे।