आप ने रिपोर्ट कार्ड को झूठ का पुलिंदा बताया
आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा पेश कांग्रेस सरकार के 72 दिनों के प्रदर्शन (रिपोर्ट कार्ड) को झूठ का पुलिंदा बताया। आप नेताओं का कहना है कि कांग्रेस की चन्नी सरकार पिछले 72 दिनों से पंजाब के लोगों के सामने सिर्फ एलान ही कर रही है। कांग्रेस सरकार 72 दिनों की नहीं बल्कि पूरे पांच साल की रिपोर्ट जनता के सामने पेश करे।
आप विधायक जय किशन सिंह रोड़ी, प्रवक्ता नील गर्ग और एडवोकेट दिनेश चड्ढा ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता की। आप विधायक जय सिंह रोड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी कांग्रेस सरकार की 72 दिनों की रिपोर्ट के नाम पर पंजाब के लोगों को ठगने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने बिजली बिल माफ नहीं किया, न पानी सस्ता किया न रेत सस्ता किया और न ही सूबे से नशा, शराब और ट्रांसपोर्ट माफिया खत्म किया।
रोड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री चन्नी की ओर से लोगों को राहत देने के नाम पर सिर्फ घोषणाएं की गई हैं, इसलिए अब उन्हें मुख्यमंत्री एलानजीत सिंह चन्नी कहा जा रहा है। विधायक ने सबूत के तौर पर एक एससी परिवार का बिजली बिल भी पेश किया। उन्होंने कहा कि इस गरीब परिवार को 7800 रुपये का बिल भेजा गया और इस बिल में 7000 पुराना बिल है, जबकि सीएम चन्नी के मुताबिक पुराने बिल माफ होने थे। उन्होंने कहा लोगों को पानी के बिल भी अधिक भेजे जा रहे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा जीरो कॉस्ट बिजली बिल पेश किए जाने के संबंध में रोड़ी ने कहा कि आज भी पंजाबियों को बिल चुकाने के लिए कर्ज लेना पड़ रहा है। सच तो यह है कि पंजाब में गरीब परिवारों का बिल न तो शून्य रहा और न ही बिजली बिल माफ किया गया।