एसएसपी अलका मीना ने पुलिस विभाग को प्रभावशाली बनाने के लिए अच्छा काम करने वाले सात अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि महीने में जो अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा के साथ अपना फर्ज अदा करेगा उनको हर महीने 'इंप्लाई ऑफ द मंथ' से नवाजा जाएगा। अधिकारियों और कर्मचारियों का हौसला बढ़ाते हुए एसएसपी ने कहा, सम्मानित कर्मचारियों से प्रेरणा लेते हुए बाकी लोगों को बेहतर करना चाहिए। ताकि उन्हें भी इस तरह से सम्मानित किया जा सके।
एसएसपी अलका मीना ने अधिकारियों को विभाग के काम में तेजी लाने की हिदायद दी। उन्होंने कहा कि फतेहगढ़ साहिब की पवित्र धरती को नशा मुक्त करने के लिए नशे के सौदागरों पर सख्ती की जाए और शरारती तत्वों की धरपकड़ की जाए। विभिन्न थानों में दर्ज आपराधिक मामलों की जांच कर निश्चित समय में निपटाए जाएं और जिले के सीनियर सिटीजन, बच्चों और लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। इस मौके पर एसपी (एच) रविंदरपाल सिंह संधू, डीएसपी (एच) संदीप कौर सैनी भी मौजूद थे।
किस को कैसे मिला सम्मान
थाना मूलेपुर के एएसआई सुखविंदर सिंह ने गुमशुदा नाबालिग बच्ची को ढूंढ कर उनके पारिवारिक सदस्यों के हवाले करने और एनडीपीएस एक्ट, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज करवाने के लिए सम्मान मिला। पुलिस थाना बडाली वाला सिंह में तैनात एएसआई जतिंदरपाल सिंह ने 92 ग्राम हेरोइन पकड़ आरोपियों पर मामला दर्ज किया।
पुलिस सांझ केंद्र खमाणों के इंचार्ज बलजीत सिंह और सिपाही सतनाम सिंह को सांझ केंद्र में आईं 410 पासपोर्ट की पड़ताल समेत 110 अन्य पड़तालों का काम निश्चित समय में पूरा करने के लिए सम्मान मिला। थाना खमानो के एएसआई तरनजीत सिंह,सिपाही सरबजीत कौर और रजिया को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।