यूटी प्रशासन ने चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों को खोलने का आदेश जारी कर दिया है, जबकि शहर के कई प्राइवेट स्कूल एहतियात के तौर पर सोमवार को बंद रहेंगे। चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, चंडीगढ़ के स्कूल और कॉलेजों को सोमवार से खोलने का आदेश दिया गया है।
जबकि कुछ प्राइवेट स्कूलों ने अपने स्तर पर बंद रखने का निर्णय लिया है। जो स्कूल बंद रहेंगे उनमें सेक्टर-32 स्थित सॉपिंस स्कूल, सेक्टर-44 का सेंट जेवियर्स स्कूल, आरआईएमटी स्कूल मनीमाजरा और गुरुकुल ग्लोबल स्कूल मनीमाजरा शामिल हैं। चंडीगढ़ शिक्षा विभाग के अनुसार सोमवार को तय शेडयूल के अनुसार ही 11 वी में दाखिले की काउसलिंग होगी। वहीं दूसरी ओर पंचकूला-मोहाली के स्कूल और कॉलेज सोमवार को बंद रहेंगे।
यूटी प्रशासन के अनुसार, स्कूल और कॉलेज पहले की तरह खुलेंगे। जबकि पिछले तीन दिन से सभी शहर के स्कूल, कॉलेज और पंजाब विश्वविद्यालय में छुट्टी घोषित की गई थी।
मोहाली में आज बंद रहेंगे स्कूल और कॉलेज
सोमवार को डेरा सच्चा सौदा सिरसा प्रमुख राम रहीम को रोहतक में सजा सुनाई जानी है। डीसी गुरप्रीत कौर सपरा ने इसके लिए जिले में शांति बनाए रखने के लिए सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों, कालेजों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 28 अगस्त को छुट्टी का ऐलान किया है। इससे पहले शुक्रवार और शनिवार को भी जिले संस्थाओं में छुट्टी कर दी गई थी।
मोबाइल इंटरनेट सेवा शुरू, आम लोगों को राहत
- फोटो : File Photo
मोबाइल इंटरनेट सेवा शुरू, आम लोगों को राहत
रविवार शाम मोबाइल कंपनियों ने इंटरनेट सुविधा चालू कर दी। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में यह सेवा वीरवार से बंद थी। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मोहाली के कई मोबाइल धारकों के फोन पर इंटरनेट की सुविधा शुरू कर दी गई है।
चंडीगढ़ के लोगों का कहना है कि इसकी वजह से समस्या आ रही थी। डिजिटल युग में ज्यादा कारोबार इंटरनेट सेवाओं पर आधारित है। चंडीगढ़ सेक्टर-37 के रहने वाले जीशान अंसारी ने बताया कि उनका अपना बुटीक है। काफी काम इंटरनेट पर ही आधारित है। उन्होंने कहा कि नेट न चलने की वजह से व्यापार काफी प्रभावित हुआ। ज्यादातर कस्टमर डिजिटल पेमेंट ही करते हैं। ऐसी स्थिति में काम पांच दिन से प्रभावित है। चंडीगढ़ सेक्टर-22 के रहने वाले तरुण गोस्वामी के अनुसार इंटरनेट की वजह से डिजिटल पेमेंट न होने के कारण वह तीन दिन से कई वेन्यू से वापस आ गए। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ के किसी भी पेट्रोल पंप पर काम न होने की वजह से परेशानी आई है। सेक्टर-41 के निवासी राकेश ने बताया कि वह ज्यादातर पेमेंट अपने मोबाइल वैलेट से करते थे, पर नेट न चलने की वजह से परेशानी एकदम से बढ़ गई थी, नेट शुरू होने से काम कुछ ठीक होगा।
बहाल हुई सब्जियों और फलों की सप्लाई
पिछले तीन दिन से सब्जियों और फलों की सप्लाई बंद थी। अब चंडीगढ़ की सेक्टर-26 मंडी में सप्लाई शुरू हो गई है। हिमाचल से सब्जियों की गाड़ियां आई हैं। सप्लाई आने के साथ ही दाम भी कम हुए हैं। सब्जियों के व्यापारियों के अनुसार सोमवार को भी सप्लाई बहाल रहेगी।