सरकार व गेस्ट टीचर्स की लड़ाई रोचक हो गई है। इस लड़ाई में अब ग्रामीण भी कूद पड़े हैं। गेस्ट टीचर्स को हटाए जाने का विरोध करते हुए ग्रामीणों ने स्कूलों पर ताला जड़ दिया। आज सुबह हिसार जिले में राजकीय कन्या सीनियर सैकेंडरी स्कूल मदनहेड़ी में पढऩे वाले बच्चों व उनके अभिभावकों ने गेस्ट टीचर को हटाने के विरोध में स्कूल पर ताला जड़ दिया।
इसके बाद हिसार के ही मिर्चपुर गांव के कन्या स्कूल में भी तालाबंदी कर दी गई। इसी प्रकार गांव राजकी के सकूल में भी ग्रामीणों, बच्चों व उनके अभिभावकों ने ताला लगा दिया। यमुनानगर, कैथल के गांवों में भी स्कूलों पर ताला जड़ दिया गया। ग्रामीणों ने ऐलान किया है जब तक हटाए गए गेस्ट टीचरों को बहाल नहीं किया जाता स्कूलों में लगाए ताले नहीं खोले जाएंगे।
गेस्ट टीचरों को अभिभावकों व ग्रामीणों का साथ मिल जाने से सरकार के लिए परेशानी बढ़ गई है। दूसरी तरफ सिरसा के गांव गुड़िया खेड़ा और घोरणवाली स्कूल में भी तालाबंदी की सूचना है।
एक साथ कई स्कूलों को ताला जड़ दिए जाने से शनिवार को स्कूलों में पढ़ाई तो चौपट हो ही गई, साथ में शिक्षा अधिकारियों के भी हाथ पांव फूल गए। अवकाश के बावजूद शिक्षा अधिकारी गांवों की तरफ दौड़ते दिखे।