जहां से दंगों की शुरुआत हुई, अब वहीं से सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा। दंगों से बिगड़े सामाजिक सौहार्द को कायम करने के लिए रविवार सुबह रोहतक की नई अनाज मंडी से शांति और भाईचारे का आह्वान किया जाएगा। यहां होने वाले प्रदेशस्तरीय सद्भावना सम्मेलन के लिए तीन मंच बनाए गए हैं।
मुख्य मंच से 300 संत-सेलिब्रिटी 3 घंटे तक शांति का आह्वान करेंगे। मंच के दाईं ओर लोक कलाकार और हास्य कलाकार बैठेंगे तो बाई ओर 36 बिरादरी के प्रबुद्ध और खाप प्रतिनिधि बैठेंगे। सम्मेलन में स्वामी रामदेव के अलावा हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी और हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत शिरकत करेंगे। किसी भी राजनेता को मंच से नहीं बोलने दिया जाएगा।
आरएसएस सहित 25 सामाजिक संगठनों के नेतृत्व में सामाजिक समरसता मंच हरियाणा की ओर से हो रहे सम्मेलन की शुरुआत संतों द्वारा संयुक्त पूजन विधि से होगी। सुबह 9 से 10 बजे तक प्रदेशभर से आए कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम की छटा बिखेरेंगे। इसके बाद तीन घंटे के लिए सभी संतों का सौहार्द आह्वान शुरू होगा। सम्मेलन में हरियाणा के अलावा पंजाब और उत्तरप्रदेश से भी एक लाख लोगों के आने की उम्मीद है। वीआईपी और एक लाख लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस कर्मियों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के करीब 400 कार्यकर्ता संभालेंगे।
ये संत और हस्तियां देंगी संदेश
सुबह 10 बजे, मुख्य मंच से सबसे पहले गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद संबोधित करेंगे। फिर जूनापीठाधीश्वर के स्वामी अवधेशानंद, क्रांतिकारी राष्ट्र संत जैन मुनि तरुण सागर, द्वारिका शारदा के पीठाधीश्वर जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज संदेश देंगे। पहलवान योगेश्वर दत्त, संग्राम सिंह, गायिका हिमानी कपूर, क्रिकेटर जोगेंदर शर्मा, क्रिकेटर चेतन शर्मा, महंत चांदनाथ, डॉ. शास्वता नंद, अभिनेता सतीश कौशिक, शतरंज खिलाड़ी अनुराधा बैनीवाल, राधा स्वामी दिनोद वाले हुजूर कंवर सिंह, स्वामी परम चैतन्य, महंत कपिलपुरी, महंत कर्णपुरी, स्वामी कालीदास, खरखौदा के स्वामी रामानंद और मुरथल से स्वामी दयानंद पहुंचेंगे।
नेता आएंगे, लेकिन बोलेंगे नहीं
हालांकि सम्मेलन के लिए किसी राजनेता को निमंत्रण नहीं दिया गया है, लेकिन किसी के आने पर रोक भी नहीं है। आयोजकों की मानें तो किसी भी राजनेता को मंच पर जगह नहीं दी जाएगी और न ही बोलने दिया जाएगा। हालांकि कई राजनेताओं के आने की चर्चा जरूर है।