पूर्व मंत्री और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस को बर्खास्त करने की मांग की। वहीं मजीठा के एक सरकारी प्राथमिक स्कूल में किशोरियों से छेड़छाड़ की घटना की सीबीआई से जांच कराने की अपील की।
बुधवार को जारी एक बयान में मजीठिया ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शिक्षा मंत्री को तुरंत बर्खास्त नहीं किया तो यह माना जाएगा कि वह पीड़ितों और उनके माता-पिता की बजाय इस घृणित कृत्य के पीछे अपराधी का पक्ष ले रहे थे। उन्होंने यह भी सवाल किया कि मुख्यमंत्री अब तक पीड़ित परिवारों से मिलने क्यों नहीं गए? मजीठिया ने कहा कि आपके पास विपश्यना रिट्रीट में भाग लेने और अपने बॉस अरविंद केजरीवाल को देशभर में घुमाने का समय है लेकिन आपके पास यौन शोषण के पीड़ितों से मिलने का समय नहीं है।
मजीठिया ने आप के चरित्र पर भी सवाल उठाया और कहा कि आपने बिलकिस बानो के साथ हुए अन्याय के बारे में बात की है लेकिन अब जब आप गलत को सही करने की स्थिति में हैं तो आपने चुप रहना चुना है। यह एक बीमार मानसिकता को दर्शाता है।
मजीठिया ने किशोरियों से छेड़छाड़ करने के आरोपी शिक्षक राकेश कुमार की तत्काल गिरफ्तारी की भी मांग की। उन्होंने कहा कि यह निंदनीय है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के सात दिन बाद भी शिक्षक को गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्होंने शिक्षक को सरकारी सेवा से तत्काल बर्खास्त करने की भी मांग।