रूपनगर पुलिस ने गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के साथी विशाल वर्मा को नौ पिस्टल और 20 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस कप्तान रूपनगर विवेक शील सोनी ने कहा कि गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के गुर्गे होशियारपुर निवासी विशाल वर्मा को नौ पिस्टल और 20 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है। इन हथियारों से पंजाब में एक बेहद गंभीर अपराध को अंजाम देने की खतरनाक योजना विफल हो गई है।
उन्होंने कहा कि पकड़ा गया आरोपी विशाल वर्मा पहले भी बड़े पैमाने पर हथियारों की सप्लाई करता था लेकिन वह पुलिस की पकड़ से फरार हो गया था। आरोपी बड़े पैमाने पर पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में इस गिरोह को अवैध हथियार और ड्रग्स सप्लाई करने का काम भी कर रहा था। इसके खिलाफ बुल्लेवाल होशियारपुर थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला भी दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार युवक को न्यायालय में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। रिमांड के दौरान और भी कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।