स्कूली शिक्षा से जुड़ी गारंटी को पूरा करेंगे: हरजोत बैंस
हरजोत बैंस ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने चुनाव से पहले ही लोगों को स्कूली शिक्षा में व्यापक सुधार की गारंटी दी थी, जिस पर मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार ने काम भी शुरू कर दिया है। इस गारंटी को जल्द से जल्द पूरा करके पंजाब में एक नया मॉडल उभारा जाएगा। जैसे दिल्ली में सरकारी स्कूलों की कारगुजारी आज प्राइवेट स्कूलों से बेहतर हो चुकी है, उसी तरह पंजाब में भी सभी सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर ऊंचा उठाया जाएगा। इसके अलावा गांवों के सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
लोगों को बेहतर सेहत सुविधाएं देना प्राथमिकता: जौड़ामाजरा
चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने कहा कि प्रदेश में शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों में एकसमान रूप से सेहत सुविधाओं का प्रसार किया जाएगा। सरकारी अस्पतालों और डिस्पेंसरियों में लोगों को मुफ्त दवा मिले, इस पर फोकस किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार का लक्ष्य भी सेहत और शिक्षा को प्राथमिकता देना है। जल्दी ही सेहत विभाग के अफसरों के साथ बैठक करके सेहत सेवाओं की स्थिति का पता लगाया जाएगा और उसके हिसाब से आगे बढ़ते हुए सेहत सेवाओं में सुधार किया जाएगा। सूबे में 15 अगस्त से 75 मोहल्ला क्लीनिक भी शुरू किए जा रहे हैं।
बागवानी को बढ़ावा देना जरूरी: फौजा सिंह
फौजा सिंह सरारी ने कहा कि प्रदेश में बागवानी को किसानों की कमाई का प्रमुख साधन बनाने के लिए इस क्षेत्र में बड़े स्तर पर काम करने की जरूरत है। परंपरागत खेती से जुड़े किसानों को भी बागवानी के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा ताकि नकदी फसलों से होने वाले सीधे लाभ से किसानों की स्थिति में सुधार हो सके। इसके लिए जल्दी ही विभाग के अफसरों के साथ बैठक करके योजना तैयार की जाएगी। इसके अलावा सूबे के स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों से भी वन-टू-वन मुलाकात करेंगे।
किसान संगठनों के साथ संयुक्त बैठक में बनाएंगे रणनीति: धालीवाल
कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि सूबे के किसानों की समस्याओं का हल निकालने के लिए जल्द ही वह किसान संगठनों की एक संयुक्त बैठक बुलाएंगे। इसमें किसानों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उन्हें हल करने के सुझाव भी लिए जाएंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार द्वारा अब तक किसानों के लिए जो भी काम किए जा रहे हैं, उनमें तेजी लाई जाएगी। मैं भी किसान हूं और किसान परिवार से हूं। मैं किसानी में आने वाली दिक्कतों से अच्छी तरह वाकिफ हूं, ऐसे में मेरी कोशिश रहेगी कि उन दिक्कतों को दूर किया जाए ताकि प्रदेश के सभी किसान खुशहाल हो सकें। इसके अलावा विदेश में बसे पंजाबियों को प्रदेश में आने वाली मुश्किलों का निराकरण करने के लिए भी कदम उठाए जाएंगे।