स्मार्ट सिटी में चोरों का हौसला इस कदर बढ़ गया है कि एटीएम उखाड़कर रेहड़ी में लादकर ले जाने लगे हैं। इससे यह साबित होता है कि चोरों को पुलिस का कोई डर नहीं रहा है। ऐसा ही मामला बुधवार को सामने आया है। तीन चोर फुसगढ़ रोड स्थित टाटा इंडिकैश कंपनी के एटीएम को उखाड़कर रेहड़ी में ढककर ले जा रहे थे। इस मशीन में 2.93 लाख रुपये थे। जब उन्हें चौकीदार ने रोकने का प्रयास किया तो उन चोरों ने उसकी धुनाई कर दी। इस दौरान दुर्गा कॉलोनी के लोग जाग गए और घर से बाहर निकले तो चोर दुर्गा कॉलोनी में एटीएम छोड़कर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। इसके बाद सदर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामले की जांच की और एटीएम को अपने कब्जे में ले लिया। एटीएम में 2.93 लाख रुपये थे जो सेफ हैं।
अल सुबह तीन बजे दिया वारदात को अंजाम
तीनों चोरों ने बुधवार अल सुबह तीन बजे वारदात को अंजाम दिया। पहले तो उन्होंने लोहे की रॉड से एटीएम उखाड़ी और फिर रेहड़ी में रखकर ले जाने लगे। करीब एक किलोमीटर तक चोर एटीएम को लेकर चलते रहे। दो चोर बाइक पर थे एक चोर रेहड़ी चला रहा था। बाइक वाले चोर रेहड़ी को पांव लगाकर धकेल रहे थे।
पुलिस फुसगढ़ रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है, लेकिन अभी तक पुलिस को कोई अहम सुराग नहीं लगा है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि चोरों ने एटीएम उखाड़ा और रेहड़ी में लादा। इस दौरान एक बार भी पुलिस वहां से नहीं गुजरी। यदि पुलिस की गश्त करती तो चोर एटीएम ही नहीं उखाड़ पाते।
कपड़े से ढककर ले जा रहे थे एटीएम
चोरों ने रेहड़ी में लगी मशीन को कपड़े से ढका हुआ था, ताकि कोई उनको ले जाता न देख सके। जब चोर रेहड़ी को छोड़कर भागे तो कॉलोनी की लोगों ने कपड़ा उतारकर देखा तो कपड़े के नीचे एटीएम थी। जिसे देखकर लोग हैरान हो गए।
टाटा इंडिकैश कंपनी के सुपरवाइजर कुलदीप की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एटीएम में 2.93 लाख रुपये थे जो सेफ हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
- बलजीत सिंह, सदर थाना प्रभारी।