अमृतसर के सुल्तानविंड थाना क्षेत्र के गांव चाटीविंड में बुधवार सुबह लूट के इरादे से घर में घुसे लुटेरों ने परिवार को बंदी बना लिया। इसके बाद लुटेरों ने परिवार के मुखिया को गोली मारकर जख्मी कर दिया। पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिया है।
सुल्तानविंड गांव निवासी गगनदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 अक्तूबर की सुबह परिवार के लोग रोजमर्रा के काम में लगे थे। इस दौरान सुबह 6:40 बजे लूट के इरादे से छह लोग उनके घर घुसे और परिवार के सभी लोगों को बंधक बना लिया। इस दौरान एक लुटेरे ने उनके पिता बलकार सिंह को गोली मारकर जख्मी कर दिया।
गगनदीप सिंह ने बताया कि पिता को गोली लगने पर उन्होंने मार दिया-मार दिया का शोर मचाया तो सभी लुटेरे फरार हो गए। उन्होंने तुरंत जख्मी पिता को अस्पताल में दाखिल करवाया। जांच अधिकारी गुरविंदर सिंह ने बताया कि फिलहाल पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। लुटेरों का पता लगाने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। वहीं इलाके में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच भी की गई है।